rajasthan news

Rajasthan News: मंत्री के घर के बाहर सड़क बनी तालाब, लोगों ने नाव चलाकर ऐसा विरोध किया कि वीडियो हो गया वायरल

Rajasthan News: राजस्थान में मानसून की शुरुआत उम्मीद से कमजोर रही, लेकिन अगस्त में बारिश का दौर तेज होने के साथ ही जयपुर की बदहाल सड़कें और ड्रेनेज व्यवस्था फिर सवालों के घेरे में आ गई हैं। राजधानी में हुई मामूली बारिश ने भी कई इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा कर दी।

झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र में कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ के आवास के सामने टूटी सड़क पर पानी भरने से लोगों का निकलना मुश्किल हो गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने प्रतीकात्मक नाव चलाकर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।

मामूली बारिश में खुली ड्रेनेज सिस्टम की पोल

करीब एक महीने पहले राजस्थान में मानसून की एंट्री हुई थी, लेकिन जुलाई में अधिकांश दिन सूखे रहे। अब अगस्त में जयपुर समेत कई जिलों में बारिश शुरू हुई है। हालांकि राजधानी में ज्यादा बारिश नहीं हुई, लेकिन जितनी भी बारिश हुई उसने शहर की ड्रेनेज व्यवस्था की स्थिति उजागर कर दी। कई नाले जाम हो गए, सड़कों पर पानी भर गया और कई स्थानों पर सड़क धंसने की घटनाएं भी सामने आईं।

मंत्री के आवास के बाहर टूटी सड़क पर भरा पानी

कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ झोटवाड़ा विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। उनके क्षेत्र में कई स्थानों पर सड़कें लंबे समय से क्षतिग्रस्त बताई जा रही हैं। पिछले वर्ष भी बारिश के दौरान इन्हीं सड़कों पर गड्ढों में पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई थी। इस बार भी सिरसी रोड स्थित मंत्री के आवास के बाहर टूटी सड़क पर पानी भर गया, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

सड़क पर नाव चलाकर लोगों ने किया विरोध

सोमवार की बारिश के बाद सिरसी रोड पर टूटी सड़क में इतना पानी भर गया कि अगले दिन तक वह तालाब जैसी दिखाई देती रही। इस दौरान स्थानीय लोगों ने गड्ढे में भरे पानी में प्रतीकात्मक नाव चलाकर विरोध जताया। लोगों ने आवाज लगाते हुए कहा कि जिन्हें पांच्यावाला, नगर निगम, जेडीए और विधानसभा की ओर जाना हो, वे नाव में सवार हो जाएं क्योंकि सड़क पर वाहन चलाना मुश्किल है। लोगों ने यह भी कहा कि यह हाल मंत्री के घर के बाहर की सड़क का है।

मंत्री और सांसद दोनों को बनाया निशाना

प्रदर्शन के दौरान युवकों ने नाव पर कैबिनेट मंत्री कर्नल राज्यवर्धन सिंह राठौड़ और जयपुर ग्रामीण के सांसद राव राजेंद्र सिंह की तस्वीरें भी लगाईं। उन्होंने पोस्टर के जरिए संदेश दिया कि वादा नहीं, धरातल पर विकास करो। ड्रेनेज, सीवरेज और सड़कों को सुधारो। यह जनता का अधिकार है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में सुधार की आवश्यकता है ताकि हर बारिश में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।

पढ़ें ये खबरें

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *