datia byelection result

Datia By-Election Result: कांग्रेस की जीत पर उमंग-दिग्विजय ने जताया जनता का आभार; BJP अध्यक्ष बोले- ‘पार्टी विरोधी काम करने वाले होंगे बाहर’

शब्बीर अहमद, भोपाल/दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों ने मध्य प्रदेश की सियासत में बड़ा सियासी हलचल पैदा कर दिया है। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने बीजेपी प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को 6,056 वोटों से हराकर ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। इस विजय के बाद जहां कांग्रेस खेमे में खुशी और जश्न का माहौल है वहीं भारतीय जनता पार्टी में हार के बाद समीक्षा और भीतरघातियों पर एक्शन की तैयारी शुरू हो गई है।

उमंग सिंघार का पोस्ट: ‘जनता का विश्वास, कांग्रेस की ताकत’

दतिया में मिली इस बड़ी जीत पर मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर जनता और शीर्ष नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने लिखा कि

“माँ पीताम्बरा देवी की असीम कृपा और माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खरगे जी एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष श्री राहुल गांधी जी के प्रेरक नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी को मिली इस ऐतिहासिक विजय के लिए दतिया की जागरूक एवं सम्मानित जनता का बहुत-बहुत आभार। यह जीत जनता के विश्वास, लोकतंत्र और कांग्रेस की जनसेवा के संकल्प की जीत है। जनता का विश्वास, कांग्रेस की ताकत!”

दिग्विजय सिंह बोले- ‘जांबाज कार्यकर्ताओं की बहादुरी से मिली विजय’

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने भी दतिया की जनता और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रति खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि

“दतिया के मतदाता भाइयों-बहनों का दिल से धन्यवाद। जिस प्रकार 2023 में हमें जिताया था, उसी हिम्मत के साथ उपचुनाव में भी विजय दिलाई है। यह जीत उन जांबाज कार्यकर्ताओं की है, जिन्होंने हर दुख-दर्द सहकर भी कांग्रेस का साथ नहीं छोड़ा। उनकी बहादुरी और कर्मठता इस जीत से प्रमाणित होती है। प्रदेश अध्यक्ष, नेता प्रतिपक्ष और सभी नेताओं को बधाई। हम हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहेंगे और दतिया के विकास के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।”

हार के बाद BJP प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का कड़ा बयान: ‘दोषी होंगे बाहर’

दूसरी ओर उपचुनाव में मिली हार के बाद भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने साफ लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि

“पार्टी चुनाव में हार के कारणों की विस्तार से समीक्षा करेगी। जिन भी कार्यकर्ताओं या पदाधिकारियों ने पार्टी के खिलाफ काम किया है या चुनाव को प्रभावित करने की कोशिश की है, उन पर सख्त एक्शन होगा। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल दोषियों को बीजेपी से बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *