‘सावन, श्रृंगार और दिवस’ के रंग में रंगा रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवाज, धूमधाम से मनाया गया तीज उत्सव
रायपुर। रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मो डिवाज द्वारा कमल विहार स्थित आर.बी. फार्म्स में तीज का त्यौहार सावन, श्रृंगार और दिवस थीम के साथ बड़े ही धूमधाम और पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान क्लब की सदस्यों ने भारतीय संस्कृति, हंसी-खुशी, मधुर संगीत और स्वादिष्ट व्यंजनों के बीच एक-दूसरे के साथ यादगार पल साझा किए।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण ए.टी. पैलेस (कोटवाली चौक) द्वारा आयोजित ‘म्यूजिकल तंबोला’ रहा, जिसमें सदस्यों ने संगीत के सुरीले सुरों के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही लकी ड्रा का आयोजन भी किया गया, जिसमें विजेताओं को ए.टी. पैलेस की ओर से आकर्षक उपहार भेंट किए गए।

उत्सव के दौरान सदस्यों के बीच ‘सावन क्वीन’ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। सावन क्वीन का ताज क्लब की सदस्यों के बीच उनके सौंदर्य, परिधान और उत्साह के आधार पर पहनाया गया।

पूरा परिसर सावन के हरे-भरे रंग और पारंपरिक श्रृंगार की छटा से सराबोर रहा। हंसी-ठिठोली, गपशप और नाच-गाने के साथ इस फेलोशिप मीट ने सभी के दिलों में एक-दूसरे के प्रति प्रेम, मित्रता और एकजुटता के भाव को और मजबूत किया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m