कन्नौज में 8 घंटे तक बच्चे को बंधक बनाए रहा सौतेला पिता, खुद को भी मारने की देता रहा धमकी, पुलिस ने ऐसे किया रेस्क्यू
Kannauj hostage case: उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में एक युवक ने अपनी पत्नी को वापस बुलाने के लिए उसके बच्चों को तमंचे के बल पर बंधक बना लिया. करीब आठ घंटे तक चले इस घटनाक्रम में आरोपी कभी बच्चे को गोली मारने की धमकी देता रहा तो कभी खुद की जान लेने की बात कहता रहा. सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और काफी देर तक आरोपी को समझाने की कोशिश की. जब बातचीत से मामला नहीं सुलझा तो पुलिस ने कार्रवाई कर बच्चे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. इस दौरान मुठभेड़ में आरोपी घायल हो गया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया.
चार महीने पहले महिला से की थी कोर्ट मैरिज
यह मामला कन्नौज के छिबरामऊ इलाके की काशीराम कॉलोनी का है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, तालग्राम क्षेत्र के सलेमपुर निवासी दीपू चक ने करीब चार महीने पहले एक विधवा महिला से कोर्ट मैरिज की थी. महिला के पहले पति की मौत हो चुकी थी और उसके बच्चे भी थे. महिला का आरोप था कि आरोपी उसे अपने साथ दिल्ली ले गया था, जहां उसके साथ मारपीट की जाती थी. इसके बाद महिला उससे अलग होकर अपनी बहन के घर चली गई थी.
पत्नी को तलाशते हुए बच्चों के घर पहुंचा आरोपी
19 सितंबर 2025 को दीपू महिला की तलाश करते हुए छिबरामऊ स्थित काशीराम कॉलोनी पहुंच गया. उस समय महिला घर पर मौजूद नहीं थी. इसके बाद आरोपी ने महिला के बच्चों को तमंचे की नोक पर बंधक बना लिया और पत्नी को मौके पर बुलाने की जिद करने लगा. उसने बच्चों को जान से मारने की धमकी दी. इस दौरान एक किशोरी किसी तरह बाहर निकलकर मदद मांगने में सफल रही, जबकि महिला का आठ साल का बेटा आरोपी के कब्जे में रह गया.
कभी बच्चे पर तो कभी खुद पर तानता रहा तमंचा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गए. पुलिस ने आरोपी से बातचीत कर बच्चे को सुरक्षित छुड़ाने की कोशिश की. लेकिन वह महिला को बुलाने की मांग पर अड़ा रहा. इस दौरान वह कभी बच्चे पर तो कभी अपनी कनपटी पर तमंचा लगाकर धमकाता रहा. करीब सात से आठ घंटे तक पुलिस और आरोपी के बीच बातचीत का दौर चलता रहा.
पुलिस की कार्रवाई में घायल हुआ आरोपी, बच्चा सुरक्षित
काफी कोशिशों के बाद भी जब आरोपी ने बच्चे को छोड़ने से इनकार कर दिया तो पुलिस ने कार्रवाई की. मुठभेड़ के दौरान आरोपी दीपू चक गोली लगने से घायल हो गया. पुलिस ने उसके कब्जे से आठ साल के बच्चे को सकुशल मुक्त करा लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया. इस दौरान आरोपी की फायरिंग में एसओजी प्रभारी के हाथ में भी गोली लगने की खबर सामने आई थी. इस तरह पुलिस ने कई घंटे चले ऑपरेशन के बाद मासूम की जान बचा ली.