|

छात्रा के साथ सरेआम अश्लील हरकत: चाय की दुकान पर मनचले ने की जबरन किस करने की कोशिश, विरोध करने पर सहेली से भी मारपीट, महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

मनेंद्र पटेल, दुर्ग। जिले के एजुकेशन हब भिलाई में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्मृति नगर थाना क्षेत्र में एक कॉलेज छात्रा के साथ सरेआम अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। आरोपी ने चाय की दुकान पर बैठकर दोस्तों के साथ कैरम खेल रही छात्रा को जबरन किस करने की कोशिश की। विरोध करने पर उसकी सहेली से भी मारपीट की गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता मूल रूप से बालोद जिले की रहने वाली है और भिलाई के स्मृति नगर क्षेत्र में रहकर पढ़ाई करती है। 31 जुलाई को वह अपने दोस्तों के साथ मॉडल टाउन स्थित शनि मंदिर के पास एक चाय की टपरी पर बैठी थी। इसी दौरान हेमंत क्षत्री नाम का युवक वहां पहुंचा और छात्रा के साथ अश्लील हरकत करते हुए जबरन किस करने की कोशिश करने लगा।

आरोपी की हरकत से छात्रा घबरा गई और खुद को बचाने के प्रयास में कुर्सी से नीचे गिर गई। इसके बाद आरोपी वहां से भागने लगा, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने उसे पकड़ लिया। इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंची छात्रा की सहेली के साथ भी आरोपी ने मारपीट की।

सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई। छात्रा की शिकायत के बाद शनिवार को स्मृति नगर पुलिस ने आरोपी हेमंत क्षत्री के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे हिरासत में ले लिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पहले भी सामने आ चुका है ऐसा मामला

भिलाई में यह कोई पहला मामला नहीं है। हाल ही में एक अन्य घटना में एक युवती का पीछा कर रहे युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में युवती आरोपी की पिटाई करते हुए कह रही थी, “तेरे जैसे लोगों की वजह से भिलाई की लड़कियां सुरक्षित नहीं हैं। आखिर मेरा पीछा क्यों कर रहा है?”

महिलाओं की सुरक्षा पर उठे सवाल

लगातार सामने आ रही छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों की घटनाओं ने भिलाई में छात्राओं और महिलाओं की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शिक्षण संस्थानों और छात्रावासों के आसपास पुलिस गश्त बढ़ाने और मनचलों पर सख्त कार्रवाई की जरूरत है, ताकि ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *