दर्दनाक हादसा: दो बाइकों की भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे युवकों को ट्रक ने कुचला, 2 की मौत, तीन घायल, बाइक में लगी आग

लक्ष्मीकांत बंसोड़, बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। नेशनल हाईवे-930 पर तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद सड़क पर गिरे दो युवकों को पीछे से आ रहे एक ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक में आग लग गई, जिससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।

दो की मौके पर मौत, तीन घायल

जानकारी के अनुसार, हादसा बालोद थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-930 पर दल्लीराजहरा मार्ग में हुआ है। मृतकों की पहचान ग्राम जगन्नाथपुर निवासी गेमन लाल देशमुख पिता नूतन देशमुख और ग्राम परसदा निवासी अरुण साहू के रूप में हुई है। वहीं घायलों में यसु देशमुख (19 वर्ष), पिता हिराराम देशमुख, निवासी जगन्नाथपुर-सांकरा, नरेंद्र निषाद (31 वर्ष), पिता खेमचंद निषाद, निवासी दल्लीराजहरा तथा पोषण कुमार गोयल (30 वर्ष), पिता अशोक कुमार गोयल, निवासी ग्राम सिकोसा, थाना गुंडरदेही शामिल हैं।

टक्कर के बाद सड़क पर गिरे, पीछे से आए ट्रक ने कुचला

बताया जा रहा है कि गेमन लाल, अरुण साहू और यसु देशमुख दल्लीराजहरा से बालोद की ओर आ रहे थे। दूसरी ओर पोषण कुमार गोयल और नरेंद्र निषाद बालोद से दल्लीराजहरा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गेमन लाल और अरुण साहू सड़क पर जा गिरे। तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने दोनों को कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और राहगीरों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

दो बाइकों की भिड़ंत के बाद एक में लगी आग

दोनों बाइकों में भिड़ंत इतनी भीषण थी कि टक्कर के बाद मृत युवकों की एक बाइक में आग लग गई। वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं तीनों घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। फिलहाल, पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *