churu news

Churu News: भाषण के दौरान शोर से नाराज हुए हनुमान बेनीवाल, माइक फेंककर बीच कार्यक्रम से लौटे

Hanuman Beniwal Churu: नागौर सांसद और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) के सुप्रीमो हनुमान बेनीवाल रविवार देर रात तालछापर कस्बे में पार्टी कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवाओं के लगातार शोर-शराबे से नाराज होकर उन्होंने अपना भाषण बीच में ही रोक दिया, मंच पर माइक फेंका और कार्यक्रम छोड़कर रवाना हो गए। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है।

युवाओं के शोर से बिगड़ा माहौल

कार्यक्रम में हनुमान बेनीवाल अपने संबोधन के दौरान राजनीतिक मुद्दों पर बोल रहे थे। इसी बीच सामने बैठे कुछ युवा लगातार शोर मचाते रहे। बेनीवाल ने कई बार उन्हें शांत रहने की अपील की, लेकिन शोर नहीं रुका। नाराजगी जताते हुए उन्होंने कहा, तुमने नेता देखा है कि नहीं? तुम लोग बावले क्यों हो रहे हो? स्कूल वाले बच्चे कब आगे बढ़ेंगे, यह जानते ही नहीं हो।

चेतावनी के बाद छोड़ा कार्यक्रम

जब व्यवधान लगातार जारी रहा तो बेनीवाल ने कहा कि वह दोबारा यहां नहीं आएंगे और बिना भाषण दिए ही चले जाएंगे। उन्होंने कहा, मैं दुबारा यहां नहीं आऊंगा। अभी बिना भाषण दिए चला जाऊंगा। कौन सा तुम सुबह वोट डाल दोगे? किसी का समय खराब करते हो। इसके बाद भी शोर बंद नहीं हुआ तो उन्होंने सवाल उठाया, क्या किसी विरोधी ने तुम्हें भेजा है? कौन हो तुम लोग? इन्हें चुप कराओ। शर्म नहीं आती। आयोजकों ने ऐसे लोगों को यहां क्यों बैठाया? इसके बाद उन्होंने भाषण समाप्त किया, मंच पर माइक फेंका और कार्यक्रम स्थल से रवाना हो गए। घटना से वहां मौजूद कार्यकर्ता और अन्य लोग भी हैरान रह गए।

चूरू की राजनीति का भी किया जिक्र

संबोधन के दौरान हनुमान बेनीवाल ने चूरू जिले की राजनीति का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि चूरू की राजनीति की वजह से उनकी कई लोगों से दुश्मनी हुई, लेकिन उन्होंने हमेशा लोगों के लिए संघर्ष किया। उन्होंने कहा, चूरू के लोग कमजोर थे, जब तुम्हें मारा गया तो हनुमान बेनीवाल तुम्हारे साथ आया। मैं तुम्हारे आंसू देखकर रात 1 बजे तक लड़ रहा हूं। मुझे क्या पता था कि तुम इतने कमजोर हो।

पढ़ें ये खबरें

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *