देश के आधे से ज्यादा मेडल हरियाणा लाता है, फिर मेजबानी से क्यों बाहर?

Haryana Commonwealth Games Hosting : कृष्ण कुमार सैनी, चंडीगढ़। कांग्रेस सांसद ने 2030 राष्ट्रमंडल खेल (कॉमनवेल्थ गेम्स) और 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की किसी भी बड़ी खेल प्रतियोगिता—चाहे ओलंपिक हो, एशियाई खेल हों या राष्ट्रमंडल खेल—भारत को मिलने वाले 50 प्रतिशत से अधिक पदक हरियाणा के खिलाड़ी जीतकर देश की झोली में डालते हैं। इसके बावजूद हरियाणा को मेजबानी की दौड़ से पूरी तरह बाहर रखना खिलाड़ियों और प्रदेश के साथ अन्याय है।

दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि संसद में कांग्रेस लगातार सरकार से मांग करती रही कि यदि भारत को 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों और 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी का अवसर मिलता है तो हरियाणा को भी इन आयोजनों में शामिल किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि पूर्ण मेजबानी संभव नहीं है तो कम से कम हरियाणा को सह-मेजबान प्रदेश का दर्जा दिया जाना चाहिए।

उन्होंने आरोप लगाया कि खेल मंत्रालय की ओर से औपचारिक रूप से यह स्पष्ट कर दिया गया है कि दोनों बड़े खेल आयोजनों की मेजबानी केवल अहमदाबाद (गुजरात) में ही प्रस्तावित है। साथ ही 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की बिड भी केवल अहमदाबाद के नाम से पेश की जा रही है।

कांग्रेस सांसद ने इसे पूरी तरह अन्यायपूर्ण बताते हुए कहा कि हरियाणा के खिलाड़ियों के योगदान की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ियों और खेल संस्कृति के सम्मान के लिए यह फैसला स्वीकार्य नहीं है और अब कांग्रेस इस मुद्दे पर हर स्तर पर लड़ाई लड़ेगी ताकि हरियाणा को उसका उचित अधिकार मिल सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *