हिमाचल प्रदेश से आई दर्दनाक हादसे की खबर, चंबा में गहरी खाई में कार गिरने से 5 लोगों की मौत

हिमाचल प्रदेश के चंबा में में एक ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। आइए जानते हैं कि कैसे हुआ है ये हादसा।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले से मंगलवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई। चंबा जिले के भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप सोमवार देर रात ऑल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे में पांच लोगों की मौत हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंच गए। दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

क्या है पूरा मामला?
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। लाहड़ के समीप मध्यरात्रि के आसपास ऑल्टो के-10 कार (एचपी 48ए-8534) अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राहत एवं बचाव दल तुरंत मौके के लिए रवाना हो गए। हादसा दुर्गम क्षेत्र में होने और रात का समय होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस और बचाव दल का सहयोग करते हुए अभियान में भाग लिया।

क्या रहा हादसे का कारण?
पुलिस के अनुसार दुर्घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। शुरुआती आशंका है कि वाहन चालक का संतुलन बिगड़ने या किसी अन्य कारण से कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। आपको बता दें कि इससे पहले हिमाचल प्रदेश के सिरमौर में भी दर्दनाक सड़क हादसा हुआ था। यहां एक कार 150 फुट गहरी खाई में गिर गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई थी और एक शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया था।

पुलिस ने क्या कहा?
चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीमों को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान जारी है तथा मृतकों की पहचान और अन्य आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पहाड़ी मार्गों पर विशेष सावधानी के साथ वाहन चलाएं, विशेषकर रात के समय और खराब मौसम के दौरान।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *