video

करंट से बैल की दर्दनाक मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने ट्रांसफार्मर पर बरसाए लाठी-डंडे, VIDEO वायरल

अजयारविंद नामदेव, शहडोल। शहडोल जिले के जयसिंहनगर तहसील के ग्राम पोंडी कला में बिजली विभाग की कथित लापरवाही एक बेजुबान बैल की जान पर भारी पड़ गई। खेत से लौट रहे किसान के बैल पर ट्रांसफार्मर का टूटा हुआ बिजली का तार गिर गया, जिससे करंट लगने से उसकी मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर लगे ट्रांसफार्मर पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

दरअसल, ब्यौहारी थाना क्षेत्र के जयसिंहनगर तहसील अंतर्गत ग्राम पोंडी कला निवासी किसान मनसुखलाल कुशवाहा का बैल खेत की जुताई कर वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान किसान के घर के पास लगे ट्रांसफार्मर से जुड़ा एक जर्जर बिजली का तार अचानक टूटकर बैल के ऊपर गिर पड़ा। तार में विद्युत प्रवाह होने के कारण बैल करंट की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी दर्दनाक मौत हो गई।

बेजुबान पशु की मौत की सूचना मिलते ही किसान और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों का आरोप है कि लंबे समय से जर्जर बिजली तारों की शिकायत की जा रही थी, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने समय रहते सुधार नहीं कराया। इसी नाराजगी में किसान और उसके समर्थकों ने घटनास्थल पर लगे ट्रांसफार्मर पर लाठी-डंडों से हमला बोल दिया और उसे क्षतिग्रस्त करने का प्रयास किया। 

घटना के दौरान मौजूद किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल में कैद कर लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग ट्रांसफार्मर पर लाठियां बरसाते दिखाई दे रहे हैं।

इस पूरे मामले में MPEB ब्यौहारी AE बी.के गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि जानकारी मिलते ही रमेश कुमार पाण्डेय ने मौके पर पहुंच बिजली बहाल कराई थी। ट्रांसफार्मर ने तोड़-फोड़ करने वालो के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *