बांकीपुर उपचुनाव हार पर भाजपा कार्यालय में मंथन, विपक्ष के भ्रम को मात देने के लिए जनता के बीच फिर लौटेंगे कार्यकर्ता

कुंदन कुमार, पटना। ​राजधानी पटना स्थित भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालय में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य एजेंडा बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में पार्टी को मिली हार के कारणों की तह तक जाना और भविष्य के लिए पार्टी की रणनीति तैयार करना था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष समेत पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और बांकीपुर क्षेत्र के प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​बैठक के दौरान चुनाव परिणामों को लेकर लंबी चर्चा हुई। नेताओं ने इस बात पर विशेष चिंता जताई कि आखिर चुनावी मैदान में कहां और किस स्तर पर चूक रह गई। पार्टी नेतृत्व ने माना कि स्थानीय स्तर पर विपक्ष द्वारा फैलाए गए भ्रम और दुष्प्रचार का असर कुछ मतदाताओं पर जरूर पड़ा है, जिससे पार्टी की जीत का सिलसिला प्रभावित हुआ। इसी को ध्यान में रखते हुए, बैठक में मौजूद बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं से एक-एक कर फीडबैक लिया गया ताकि जमीनी हकीकत का सही आकलन किया जा सके।

​बैठक के समापन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा विधायक मनोज शर्मा ने बैठक की मुख्य बातों साझा किया। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि बांकीपुर उपचुनाव के नतीजों की समीक्षा करना पार्टी की संगठनात्मक प्रक्रिया का हिस्सा है। विधायक मनोज शर्मा ने बताया कि बैठक में इस बात पर भी गंभीरता से चर्चा की गई कि विपक्ष के लोगों ने किस प्रकार सुनियोजित तरीके से पार्टी के कार्यकर्ताओं और आम जनता को भ्रमित करने का प्रयास किया था।

​विधायक मनोज शर्मा ने आगे कहा कि समीक्षा बैठक का अंत सकारात्मक संदेश के साथ हुआ है। पार्टी नेतृत्व ने सभी कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया है कि वे पुरानी बातों और हार की निराशा को पीछे छोड़कर पूरी ऊर्जा के साथ अपने-अपने क्षेत्रों में लौट जाएं। कार्यकर्ताओं से कहा गया है कि वे जनता के बीच जाकर जनसेवा के कार्यों को और अधिक गति दें।
​भाजपा का हमेशा से यह मूलमंत्र रहा है कि राजनीति केवल सत्ता का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का एक साधन है। पार्टी ने अपने कैडर को यह याद दिलाया है कि वे आम जनता के सुख-दुख में हमेशा खड़े रहें और सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाएं। इस बैठक से साफ संकेत मिलता है कि भाजपा अब आगामी राजनीतिक चुनौतियों के लिए अपनी संगठनात्मक पकड़ को और अधिक मजबूत करने में जुट गई है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *