शराब के नशे में बरसाए लाठी-डंडे, बुजुर्ग के सिर पर आई गंभीर चोट, पूरे परिवार को मिली धमकी

आशुतोष द्विवेदी, रीवा। सगरा थाना क्षेत्र के बक्छेरा टिकुरा टोला गांव में शराब के नशे में धुत युवक ने 75 साल के बुजुर्ग पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार में दहशत का माहौल है। परिजनों का आरोप है कि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पूरे परिवार को जान से मारने की धमकियां दे रहा है।

भाई के घर से लौट रहे बुजुर्ग को रास्ते में घेरकर पीटा

घायल बुजुर्ग रामबली तिवारी के पुत्र राजेश तिवारी ने बताया कि घटना के समय वे घर पर मौजूद नहीं थे। उनके पिता अपने भाई के घर से वापस लौट रहे थे तभी रास्ते में पहले से घात लगाकर बैठे आरोपी संदीप तिवारी ने नशे की हालत में उन पर अचानक लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले में 75 वर्षीय रामबली तिवारी के सिर पर गंभीर चोटें आई है। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, जिन्हें देखकर आरोपी जान से मारने की धमकी देता हुआ मौके से फरार हो गया।

सगरा थाने में शिकायत दर्ज, पुलिस जांच में जुटी

घटना के बाद लहूलूहान हालत में बुजुर्ग को लेकर परिजन सगरा थाने पहुंचे और आरोपी संदीप तिवारी के खिलाफ नामजद शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने पीड़ित परिवार को निष्पक्ष जांच और आरोपी के खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की पड़ताल कर आरोपी की तलाश में जुटी है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *