12 लाख में बनी सड़क, भूमिपूजन में पंचायत ने खर्च जार दिए 43 हजार, कांग्रेस नेत्री ने दर्ज की आपत्ति

संजय विश्वकर्मा, उमरिया। मध्यप्रदेश के उमरिया जिले के मानपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक मीना सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ते ही चली जा रही हैं। मानपुर जनपद क्षेत्र के ग्राम पंचायत पारसी में 29 मई 2026 को 12 लाख की लागत से बनने वाली सीसी सड़क निर्माण कार्य के लिए भूमि पूजन का आयोजन किया गया। हैरत की बात यह है कि महज 12 लाख के निर्माण कार्य के भूमि पूजन कार्यक्रम के दौरान 3 से 4 प्रतिशत राशि लगभग 43000 रुपए खर्च कर दिए गए।

हाल ही में पूर्व कैबिनेट मंत्री मीना सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया में खूब वायरल हुआ था। जिसमें पूर्व कैबिनेट मंत्री मीना सिंह कह रही थी कि “क्या लाड़ली बहना योजना बंद करनी पड़ेगी। नारे आप लोग नही लगा रही हैं।” अब पूर्व कैबिनेट मंत्री की आमसभा से जुड़ा पंचायत का बिल को लेकर मानपुर क्षेत्र की कांग्रेस नेत्री ने सवाल उठाएं हैं।

इस मामले को लेकर जनपद सदस्य मानपुर कांग्रेस नेत्री रोशनी सिंह ने आपत्ति दर्ज करते हुए बड़े सवाल खड़े कर दिए। उनका कहना है कि खुद की लोकप्रियता को बढाने के नाम पर पंचायत की राशि का दुरूपयोग लगातार किया जा रहा है।अगर उन्हें प्रचार प्रसार ही करना है तो अपना व्यक्तिगत पैसा खर्च करें। मध्य प्रदेश सरकार की मंशा भी है कि पंचायत की राशि का दुरुपयोग ना हो लेकिन विधायक जी ने यह कौन सा नियम बनाकर रखा हुआ है। इस मामलों के लिए करके मैं कलेक्टर उमरिया और जिला पंचायत सीईओ के पास शिकायत भी करूंगी।

पूरे मामले में जब जिला पंचायत सीईओ अभय सिंह ओहरिया से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी मुझे नहीं है।अगर शिकायत प्राप्त होती है तो जांच करवा कर न्यायोचित कार्यवाही की जाएगी।

ये वही विधायक है जिन्होंने कोरोना संकट के बीच 21 अप्रैल 2020 को मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मंत्रिमंडल के पहले विस्तार में शपथ लेने वाली 5 मंत्रियों की सूची में शुमार थी।

अब देखना यह होगा कि क्या लगातार अपने बयानों और अपने कार्यों के माध्यम से सरकार की छवि खराब करने वाली पूर्व कैबिनेट मंत्री मीना सिंह को क्या प्रदेश सरकार तलब करेगी या यह मामला भी ठंडे बस्ते में डाल दिया जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *