सुबह चाय लेकर पहुंचा बेटा, सामने दिखा ऐसा मंजर कि मच गई चीख-पुकार

कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले के लाडवा स्थित गांव बडोंदी में लगातार बारिश के बीच मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत के पास बने एक कमरे का 15×15 फुट का लेंटर गिरने से पति-पत्नी की मलबे में दबकर मौत हो गई।

हादसे का पता तब चला, जब उनका बेटा सुबह करीब साढ़े पांच बजे चाय लेकर कमरे में पहुंचा। सूचना मिलने पर ग्रामीणों ने करीब आधे घंटे तक राहत कार्य चलाया, लेकिन तब तक दोनों की मौत हो चुकी थी। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।

बेटे की आंखों के सामने था मलबे में दबे माता-पिता का मंजर

ग्रामीण देवेंद्र सिंह के अनुसार, करनेल सिंह और उनकी पत्नी जसविंद्र कौर खेत के पास बने बाड़े में सोया करते थे। मंगलवार सुबह रोज की तरह उनका बेटा चाय लेकर कमरे में पहुंचा। वहां पहुंचते ही उसने देखा कि पूरा लेंटर गिर चुका है और उसके माता-पिता मलबे के नीचे दबे हुए हैं। बेटे के शोर मचाते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी गई।

हथौड़े और कटर से चला रेस्क्यू अभियान

ग्रामीणों ने बिना देरी किए राहत कार्य शुरू किया। हथौड़े और कटर की मदद से कंक्रीट के लेंटर को काटा गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद करनेल सिंह और जसविंद्र कौर को मलबे से बाहर निकाला गया। हालांकि तब तक दोनों की सांसें थम चुकी थीं। इसके बाद एंबुलेंस से दोनों के शव अस्पताल पहुंचाए गए।

लगातार बारिश से धंसी पिछली दीवार, फिर गिरा पूरा लेंटर

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कमरे की पिछली दीवार खेत की ओर बनी हुई थी। लगातार बारिश के कारण मिट्टी कमजोर हो गई, जिससे दीवार धंस गई। दीवार गिरने के साथ उसके ऊपर टिका 15×15 फुट का पूरा लेंटर भी भरभराकर नीचे आ गिरा और कमरे में सो रहे दंपती उसकी चपेट में आ गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 50 वर्षीय करनेल सिंह और उनकी 45 वर्षीय पत्नी जसविंद्र कौर के रूप में हुई है। दोनों ठेके पर खेती की जमीन लेकर अपना परिवार चलाते थे। उनके परिवार में तीन बच्चे हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *