पत्नी ने पति संग जाने से किया इंकार, देसी कट्टा लेकर ससुराल पहुंचा शख्स, चचिया ससुर पर किया फायर

ग्वालियर में पत्नी ने शराबी पति के साथ रहने से इंकार कर दिया तो वह देसी कट्टा लेकर ससुराल पहुंचा और छत पर चढ़कर ससुराल वालों को गाली देने लगा। इतना ही नहीं उसने सभी को डराने के लिए अपने चचिया ससुर पर फायर भी किया।
मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पत्नी ने शराबी पति के साथ रहने से इंकार कर दिया तो गुस्साया पति देसी कट्टा लेकर ससुराल पहुंचा और छत पर चढ़कर ससुराल पक्ष के लोगों से जमकर गाली गलौंच की। ये पारिवारिक विवाद अचानक से हिंसा में बदल गया और मौके पर पुलिस को आना पड़ा। इतना ही नहीं दहशत फैलाने के लिए शख्स ने अपने चचिया ससुर पर फायर कर दिया। घटना में चचिया ससुर की जान बाल-बाल बची। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले को रफा-दफा करने की कोशिश की।
शराबी पति ने ससुराल में किया तमाशा
करीबन ढाई से तीन घंटे की मशक्कत के बाद पुलिस ने पहले आरोपी का भरोसा जीता। बाद में कट्टा छीनकर हिरासत में ले लिया। यह मामला ग्वालियर के तिघरा थाना अंतर्गत ग्राम सौजना का है। यहां रहने वाले अरविंद गुर्जर ने पुलिस को बताया है कि वह पेशे से किसान है और उसके भाई सुरेन्द्र सिंह गुर्जर का देहांत हो चुका है। उन्होंने भतीजी रोमा की शादी पुरानी छावनी निवासी जोगेंद्र सिंह राणा गुर्जर के साथ की थी। रोमा के दो बच्चे हैं। जोगेंद्र शराबी प्रवृति का है और पत्नी से आए दिन शराब के नशे में मारपीट किया करता है। पति की प्रताड़ना से तंग आकर पत्नी बच्चों के साथ मायके में रह रही है। इसके पहले मुरैना जिले से खबर मिली थी कि पत्नी से झगड़े के बाद एक पति ने अपने ही बेटे को स्कूल से किडनैप कर लिया।

शख्स ने चचिया ससुर पर किया फायर
गुरुवार को जोगेंद्र ने पत्नी से ससुराल चलने को कहा तो उसने जाने से इंकार कर दिया। इसके बाद जोगेंद्र आग बबूला हो गया। जोगेंद्र देसी कट्टा लेकर ससुराल पहुंचा और गाली गलौंच करने लगा। इतना ही नहीं जोगेंद्र ने अपने चचिया ससुर अरविंद को जान से मारने की धमकी देते हुए फायर कर दिया। इस घटना में अरविंद बच गए। इस बीच किसी ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी। बहोड़ापुर थाना प्रभारी आलोक परिहार मय बल के मौके पर पहुंच गए। पुलिस को देखकर आरोपी ससुराल की छत पर चढ़ गया। इस दौरान आरोपी लोडेड कट्टा लिए हुए था। पुलिस ने आरोपी को नीचे आने के लिए काफी समझाने की कोशिश की, लेकिन नहीं माना।
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
करीबन ढाई से तीन घंटे के बाद बहोड़ापुर थाना प्रभारी आरोपी का भरोसा जीतने में सफल रहे। आरोपी शराब के नशे में था और बीड़ी पी रहा था। पहले थाना प्रभारी ने बातों में उलझाकर आरोपी से कट्टा छीना। उसके बाद कट्टे में लोड कारतूस निकाल कर फेंक दी और आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आरोपी से दो कारतूस भी बरामद किए हैं। स्थानीय ग्रामीणों ने घटना के वीडियो बना लिए, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वहीं पुलिस ने अरविंद गुर्जर की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 296 (b), 351 (3), 110 तथा 25/27 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया है और उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और जानने का प्रयास कर रही है कि उसके पास हथियार कहां से आया है? साथ ही उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *