jdu

बड़ी खबर: JDU प्रदेश महासचिव के घर से 20 लाख की चोरी, 48 घंटे में दूसरी वारदात

वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले के हरनौत थाना क्षेत्र स्थित रूपसपुर गांव में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। महज 48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी चोरी की वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। इस बार अज्ञात चोरों ने जनता दल (यू) के प्रदेश महासचिव एवं पूर्व प्रवक्ता संजय कांत सिन्हा के पैतृक आवास को निशाना बनाते हुए लगभग 15 से 20 लाख रुपये मूल्य के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान की चोरी कर ली।

किमती जेवर समेत नकदी व अन्य सामान गायाब

बताया जाता है कि संजय कांत सिन्हा का परिवार फिलहाल पटना में रहता है और रूपसपुर स्थित पैतृक मकान पिछले करीब एक सप्ताह से बंद था। रविवार सुबह जब घर की साफ-सफाई के लिए नौकर पहुंचा तो मुख्य दरवाजे सहित कई कमरों के ताले टूटे मिले। सूचना मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे तो देखा कि 7 से 8 गोदरेज अलमारियां, लॉकर और बक्सों के ताले तोड़कर चोरों ने पूरा सामान खंगाल दिया था। कीमती जेवर, नकदी और अन्य सामान गायब थे, जबकि सामान पूरे घर में बिखरा पड़ा था।

जांच पड़ताल में जुटी पुलिस की टीम

घटना की सूचना पर हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह सुनियोजित चोरी का मामला प्रतीत होता है और जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का दावा किया गया है।

बीते शुक्रवार को भी हुई थी 20 लाख की चोरी

गौरतलब है कि शुक्रवार की रात भी इसी रूपसपुर गांव में एक बंद मकान से करीब 20 लाख रुपये की चोरी हुई थी। उस मामले का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है और अब 48 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी वारदात ने पुलिस की रात्रि गश्ती पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल रात्रि गश्ती बढ़ाने, चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने और अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।

ये भी पढ़ें- प्रशांत किशोर के प्रेस कॉन्फ्रेंस पर BJP का तगड़ा पलटवार, संजय सरावगी ने कह दी ये बड़ी बात

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *