weather forecast

Weather Forecast: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, जानें दिल्ली, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और राजस्थान का मौसम

रांची। देश के कई हिस्सों में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने हरियाणा, पंजाब, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार और झारखंड समेत कई राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात की संभावना जताई है।
मौसम विभाग के अनुसार, 3 से 6 अगस्त के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब के कई इलाकों में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 3 से 7 अगस्त और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 4 से 7 अगस्त तक अच्छी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भारी बारिश

आईएमडी के मुताबिक, 3 से 6 अगस्त तक पश्चिमी मध्य प्रदेश, 3 अगस्त को पूर्वी मध्य प्रदेश और 3 से 5 अगस्त तक विदर्भ के कुछ हिस्सों में बारिश हो सकती है। वहीं 7 और 8 अगस्त को पश्चिमी मध्य प्रदेश तथा 3 से 8 अगस्त के बीच छत्तीसगढ़ के कई क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।

बिहार में इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

3 अगस्त को सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, सुपौल, अररिया, किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार, सहरसा, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, वैशाली और समस्तीपुर सहित उत्तर एवं पूर्वोत्तर बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है।

वहीं पटना, गया, भागलपुर, मुंगेर, बेगूसराय, खगड़िया, नालंदा, नवादा, जमुई और पश्चिम चंपारण सहित दक्षिण और मध्य बिहार के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

झारखंड में बारिश, तेज हवा और वज्रपात की चेतावनी

मौसम विभाग के अनुसार, 3 अगस्त को झारखंड के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और वज्रपात की भी आशंका है।

इसके अलावा 4 अगस्त को गिरिडीह, देवघर, जामताड़ा, धनबाद और बोकारो जिलों में एक-दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

दिल्ली में बादल और बारिश के आसार

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 3 अगस्त को दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना है। वहीं 4 अगस्त को मध्यम बारिश के साथ कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान में कई इलाकों में घटेगी बारिश

राजस्थान में 3 अगस्त से मानसून ट्रफ उत्तर की ओर खिसकने के कारण जोधपुर, उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग में बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है।

हालांकि 3 से 5 अगस्त के दौरान बीकानेर संभाग, शेखावाटी, जयपुर और भरतपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य क्षेत्रों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, वज्रपात के समय खुले स्थानों में न जाने और स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *