|

आरोपी को पकड़ने ट्रेन की जगह फ्लाइट से गुरुग्राम गई पुलिस टीम, टिकट का पैसा पीड़ित से लिया, कटघोरा TI समेत 8 पुलिसकर्मियों पर गिरी गाज, IG ने किया सस्पेंड

शशिकांत डिक्सेना, कटघोरा/बिलासपुर। बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक (IG) रामगोपाल गर्ग ने भ्रष्टाचार और गंभीर वित्तीय अनियमितता के मामले में सख्त कार्रवाई की है। कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल समेत कुल 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामला एक आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गुरुग्राम गई पुलिस टीम की यात्रा और उसके खर्च से जुड़ा है।

पीड़ित के पैसों से कटवाई फ्लाइट टिकट

जानकारी के मुताबिक, कटघोरा थाने में कृष्णा जेसीबी कंपनी से जुड़े धोखाधड़ी और चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को हरियाणा के गुरुग्राम भेजने के निर्देश दिए गए थे।

निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पुलिस टीम को ट्रेन से गुरुग्राम रवाना होना था, लेकिन आरोप है कि तय नियमों और प्रक्रिया को दरकिनार करते हुए 8 सदस्यीय पुलिस टीम ने हवाई यात्रा की। जांच में सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि पुलिस टीम की फ्लाइट टिकट का खर्च प्रार्थी यानी पीड़ित से लिया गया था।

शिकायत के बाद हुई जांच, वित्तीय अनियमितता की पुष्टि

पुलिस टीम के हवाई सफर और उसके खर्च को लेकर पीड़ित ने वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की। शिकायत सामने आने के बाद मामले की जांच कराई गई। जांच में वित्तीय अनियमितता और पद के दुरुपयोग की पुष्टि होने के बाद बिलासपुर रेंज IG रामगोपाल गर्ग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी 8 पुलिसकर्मियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की।

कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी ने भी घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये 8 पुलिसकर्मी हुए निलंबित

निलंबित पुलिसकर्मियों में कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक मोती पटेल के अलावा पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं।

निरीक्षक मोती पटेल — थाना प्रभारी, कटघोरा

उप निरीक्षक राम पाण्डेय — प्रभारी अधिकारी

प्रधान आरक्षक गुनाराम सिन्हा — क्रमांक 381

प्रधान आरक्षक गोपाल यादव — क्रमांक 392

प्रधान आरक्षक राजेश कंवर — क्रमांक 35

आरक्षक प्रदीप राठौर — क्रमांक 747, थाना कटघोरा

आरक्षक सुशील यादव — क्रमांक 41, साइबर सेल

आरक्षक प्रशांत सिंह — क्रमांक 08, रक्षित केंद्र कोरबा

कटघोरा थाने पर पहले भी हो चुकी है कार्रवाई

कटघोरा थाना इससे पहले भी पुलिसकर्मियों पर हुई कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहा है। कुछ समय पहले थाने के सामने करीब चार दिनों तक कबाड़ से लदी एक गाड़ी लावारिस खड़ी रहने और मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्कालीन थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों पर निलंबन की कार्रवाई की गई थी।

अब पुलिस टीम की गुरुग्राम यात्रा में नियमों की अनदेखी और पीड़ित से फ्लाइट का खर्च लिए जाने के मामले में हुई इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है। IG की कार्रवाई को विभाग में अनुशासन और वित्तीय पारदर्शिता को लेकर सख्त संदेश के तौर पर देखा जा रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *