मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के जड़ौला दौरे की तैयारियां तेज, एसपी व एडीसी ने कार्यक्रम स्थल का किया निरीक्षण

राकेश कथूरिया, कैथल. गांव जड़ौला में 20 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के प्रस्तावित दौरे कार्यक्रम को लेकर एसपी मनप्रीत सिंह सुदन व एडीसी डॉ. सुशील कुमार ने कार्यक्रम स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोजक समिति के साथ समन्वय स्थापित करते हुए मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की सभी तैयारियां को गंभीरता के साथ अंतिम रूप दिया जाए। आयोजन में किसी भी प्रकार की कोई कमी न रहे। इस कार्यक्रम में किए जाने वाले यज्ञ में मुख्य यजमान के तौर पर केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल भाग लेंगे।

उन्होंने सबसे पहले हेलीपैड का निरीक्षण किया। उसके बाद मंदिर परिसर पर पहुंचे, जहां पूर्व राज्यसभा सांसद एवं कार्यक्रम संयोजक ईश्वर सिंह तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष अशोक गुर्जर के साथ बैठक कर विचार विमर्श किया। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर पंडाल, मंच, सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, वीआईपी प्रवेश, आमजन के बैठने की व्यवस्था सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित रूप से संपन्न करवाने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने सभी पुलिस विभाग के अधिकारियों को वीआईपी के प्रवेश मार्ग, बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा घेरा को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

गर्मी के मौसम को देखते हुए एडीसी ने कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त मात्रा में पेयजल, पंखे, बिजली व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल तथा पूरे रूट पर साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए जाएं। उन्होंने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी कार्यक्रम के लिए लगाई गई है, वे पूरी जिम्मेदारी और गंभीरता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *