4 सितंबर तक रुकी किसानों की यात्रा

चंडीगढ़: हरियाणा-पंजाब सीमा पर चल रहे किसानों के आंदोलन को फिलहाल 4 सितंबर तक के लिए विराम दे दिया गया है। प्रशासन की ओर से किसानों को भरोसा दिलाया गया है कि 4 सितंबर को दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा मंत्री मनोहर लाल के साथ उनकी बैठक कराई जाएगी। इसके बाद किसान नेता जगजीत सिंह दल्लेवाल ने दिल्ली कूच की प्रस्तावित यात्रा को स्थगित करने का ऐलान किया।

दल्लेवाल ने कहा कि हरियाणा सरकार ने किसानों को यात्रा निकालने से रोकने का प्रयास किया था। प्रशासन के साथ बातचीत के दौरान एसडीएम नरवाना ने 4 सितंबर को केंद्रीय ऊर्जा मंत्री के साथ बैठक करवाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद किसानों ने फिलहाल अपना अगला कदम टाल दिया है।

दल्लेवाल ने साफ किया कि यह स्थायी रूप से आंदोलन खत्म करने का फैसला नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 4 सितंबर को होने वाली बैठक में किसानों की मांगों को लेकर कोई सकारात्मक समाधान नहीं निकला तो किसान फिर से देशभर में यात्रा शुरू करेंगे और आंदोलन को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जाएगा।

बैठक के आश्वासन के बाद किसानों ने खनौरी-दाता सिंहवाला बॉर्डर पर चल रहा धरना भी समाप्त करने की घोषणा कर दी। अब किसानों की नजर 4 सितंबर को दिल्ली में होने वाली प्रस्तावित बैठक पर है, जहां बातचीत के परिणाम के आधार पर आंदोलन की अगली रणनीति तय की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *