488

कैथल में 488 किलो से ज्यादा डोडा पोस्त बरामद, मध्य प्रदेश से पंजाब जा रही थी नशीले पदार्थ की खेप

कैथल। हरियाणा के कैथल में पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से 488 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया है। पुलिस ने नशीले पदार्थ को ट्रक में छिपाकर ले जा रहे चालक को गिरफ्तार कर लिया है। बरामद डोडा पोस्त की कीमत करीब 90 लाख रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि नशीले पदार्थ की यह खेप मध्य प्रदेश से पंजाब पहुंचाई जानी थी।

गुप्त सूचना पर पुलिस ने की नाकाबंदी

पुलिस के अनुसार, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट कैथल की टीम अपराधों की रोकथाम के लिए गश्त कर रही थी। एएसआई जसबीर सिंह की टीम को गांव मोहना क्षेत्र में सूचना मिली कि एनएच-152डी से नारनौल की तरफ से एक लाल रंग का आईसर 6 टायरी ट्रक आ रहा है, जिसमें भारी मात्रा में डोडा पोस्त छिपाकर रखा गया है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने एनएच-152डी पर मोहना टोल से अंबाला की तरफ करीब एक किलोमीटर दूरी पर नाकाबंदी कर दी। पुलिसकर्मी नारनौल की ओर से आने वाले वाहनों की जांच करने लगे। कुछ देर बाद सूचना में बताए गए नंबर वाला लाल रंग का आईसर ट्रक वहां पहुंचा, जिसे पुलिस ने रुकवा लिया।

ग्लूकोज के डिब्बों के पीछे छिपाए थे कट्टे

जांच के दौरान ट्रक चालक की पहचान संदीप सिंह निवासी गांव सफदरपुर, जिला पटियाला और हाल निवासी राजपुरा, पंजाब के रूप में हुई। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे डीएसपी सुशील प्रकाश की मौजूदगी में ट्रक की तलाशी ली गई।

पुलिस के मुताबिक, ट्रक में ग्लूकोज के डिब्बे लदे हुए थे। इन डिब्बों के पीछे काले रंग के प्लास्टिक के कट्टे छिपाकर रखे गए थे। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 22 कट्टे बरामद हुए। नियमानुसार जांच करने पर इन कट्टों से कुल 488.600 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।

आरोपी गिरफ्तार, ट्रक जब्त

मामले में थाना पूंडरी में आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट से मौके पर पहुंचे एएसआई तरसेम कुमार ने आरोपी संदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने नशे की तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे ट्रक को भी जब्त कर लिया है।

पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि डोडा पोस्त की यह खेप मध्य प्रदेश से पंजाब क्षेत्र में सप्लाई की जानी थी। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि नशीले पदार्थ की खेप कहां से लाई गई थी और इसे पंजाब में किस व्यक्ति तक पहुंचाया जाना था।

पुलिस रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ

पुलिस आरोपी को गुरुवार को न्यायालय में पेश कर उसका पुलिस रिमांड लेने की तैयारी में है। रिमांड के दौरान आरोपी से नशे की सप्लाई से जुड़े नेटवर्क और इस मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *