बच्चों की जान से खिलवाड़! मिड-डे मील में मिली डामर गोली, 28 छात्राओं की बिगड़ी तबीयत, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप

योगेश सिंह, बेमेतरा। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के आत्मानंद उत्कृष्ट कन्या शाला में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब स्कूल में परोसे गए मध्यान्ह भोजन में डामर की गोली मिलने की बात सामने आई। खाना खाने के बाद कई छात्राओं ने पेट दर्द की शिकायत की। मामला सामने आते ही स्कूल प्रबंधन में अफरा-तफरी मच गई और आनन-फानन में छात्राओं को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। फिलहाल 28 छात्राओं का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है।

मध्यान भोजन में आई डामर गोली की गंध

मामले में स्कूल के प्रधान पाठक ने बताया कि बच्चों ने मध्यान्ह भोजन में डामर की गोली की स्मेल आने की जानकारी दी। इसके बाद बच्चों को खाना खाने से मना किया गया। उन्होंने बताया कि बच्चों को खाना खिलाने से पहले रसोइया से खाना खिलाकर उसकी जांच की जाती है। आज भी शासन के निर्देशानुसार एक रसोइया ने खाना खाकर जांच की थी। हालांकि, उनके द्वारा कुछ भी गड़बड़ नहीं होने की सूचना दी गई, जिसके बाद बच्चों ने खाना खाया।

प्रधान पाठक ने बताया कि उन्होंने रसोइयों से बातचीत की तो रसोइया सावन मानिकपुरी ने बताया कि उनकी नातिन, जो स्कूल बहू के साथ आती है, उसके हाथ में फिनायल की एक छोटी सी गोली थी। हो सकता है कि वही गोली चावल में मिल गई हो। लेकिन रसोइया का कहना था कि उन्होंने भी खाना खाया था और उसमें ऐसा कुछ गड़बड़ नहीं लगा। फिलहाल सभी बच्चों की तबीयत ठीक है।

भोजन में कैसे पहुंची डामर गोली

सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर स्कूल में बच्चों के लिए तैयार किए जा रहे भोजन में डामर की गोली कैसे पहुंची। क्या भोजन बनाने के दौरान रसोइया की लापरवाही हुई या खाद्य सामग्री की जांच में कोई बड़ी चूक हुई? फिलहाल इन सभी बिंदुओं पर जांच के बाद ही तस्वीर साफ होगी।

घटना ने स्कूलों में बच्चों को दिए जाने वाले मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। छात्राओं का उपचार जारी है और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *