LB छात्रों को हाइवे पर स्टैंडबाजी करना पड़ा महंगा, पुलिस ने 2 गाड़ियां जब्त की, दोस्त के चुनावी जीत की मस्ती में थे युवा

पलवल। दोस्त की चुनावी जीत का जश्न मनाने जा रहे कुछ युवकों को नेशनल हाईवे पर स्टंटबाजी करना भारी पड़ गया। गदपुरी थाना क्षेत्र में चलती स्कॉर्पियो और बलेनो कार से बाहर निकलकर स्टंट करने का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दोनों वाहनों को इंपाउंड कर लिया, जबकि तीन युवकों को पूछताछ के लिए राउंडअप किया गया।

बताया गया कि यह मामला गांव बघोला के पास का है। हाईवे से गुजर रहे किसी व्यक्ति ने युवकों की हरकतों का वीडियो बना लिया था। वीडियो में कुछ युवक दोनों कारों की खिड़कियों से बाहर निकलते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान वे सड़क पर पर्चे भी उड़ा रहे थे। वीडियो सोशल मीडिया पर पहुंचा तो पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

बघोला चौकी प्रभारी सतबीर के मुताबिक, वीडियो की मदद से वाहनों और उनमें सवार युवकों की पहचान की गई। जांच में सामने आया कि तीनों युवक कॉलेज में पढ़ाई कर रहे हैं और एलएलबी के छात्र हैं। पुलिस ने मोहन नगर, हुड्डा सेक्टर-2 और पृथला निवासी तीन युवकों को राउंडअप कर पूछताछ की।

पूछताछ में सामने आया कि युवक पृथला गांव निवासी अपने दोस्त के घर जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, उनके दोस्त ने किसी चुनाव में जीत हासिल की थी और इसी खुशी में युवक उसके घर पहुंचकर जश्न में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में उन्होंने चलती गाड़ियों से बाहर निकलकर स्टंट करना शुरू कर दिया।

पुलिस ने युवकों को इस तरह की लापरवाही के गंभीर परिणामों को लेकर चेतावनी दी। पूछताछ के दौरान युवकों ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी हरकत नहीं दोहराने की बात कही। इसके बाद उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।

पुलिस ने स्टंटबाजी में इस्तेमाल की गई स्कॉर्पियो और बलेनो को इंपाउंड कर लिया है। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह की हरकत केवल स्टंट करने वालों के लिए ही नहीं, बल्कि वहां से गुजर रहे दूसरे वाहन चालकों के लिए भी बड़ा खतरा पैदा कर सकती है। वीडियो 29 सितंबर का बताया जा रहा है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m  

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *