धर्मेन्द्र की अंतिम फिल्म ‘इक्कीस’ 25 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी

मुंबई, 24 नवंबर (एजेंसियां)। बॉलीवुड के ही-मैन कहलाने वाले धर्मेन्द्र अब पर्दे पर आखिरी बार अपनी आने वाली फिल्म ‘इक्कीस’ के माध्यम से दिखाई देंगे। रविवार को दिग्गज अभिनेता धर्मेन्द्र के निधन की दुखद सूचना के बीच उनकी अंतिम फिल्म की रिलीज डेट की पुष्टि भी सामने आई है। यह फिल्म 25 दिसंबर को देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

29 अक्टूबर को फिल्म ‘इक्कीस’ का ट्रेलर जारी किया गया था, जिसमें परमवीर चक्र विजेता लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के अदम्य साहस और बलिदान को बड़े पर्दे पर जीवंत करने का प्रयास दिखाया गया है। श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित यह फिल्म वर्ष 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध की सच्ची घटना पर आधारित है। कहानी 21 वर्षीय लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल के उस वीरता भरे अध्याय को दर्शाती है जिसके लिए उन्हें देश के सर्वोच्च वीरता सम्मान परमवीर चक्र से सम्मानित किया गया।

फिल्म में अमिताभ बच्चन के नाती अगस्त्य नंदा लेफ्टिनेंट अरुण खेत्रपाल की मुख्य भूमिका निभा रहे हैं, जबकि धर्मेन्द्र उनके पिता एम.एल. खेत्रपाल के अहम किरदार में नजर आएंगे। फिल्म एक पिता की भावनात्मक यात्रा को प्रस्तुत करती है, जिसमें वह यह समझने की कोशिश करते हैं कि युद्ध के दौरान उनके बेटे ने राष्ट्र की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान क्यों दिया।

धर्मेन्द्र की अंतिम फिल्म होने के कारण ‘इक्कीस’ न केवल एक युद्ध-नायक की कहानी बन जाती है, बल्कि भारतीय सिनेमा के एक कालजयी अभिनेता को श्रद्धांजलि का स्वरूप भी ग्रहण कर लेती है। दर्शकों और प्रशंसकों के लिए यह फिल्म एक भावनात्मक अनुभव साबित होगी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *