| |

जानकीपुरम में विकास की गूंज, शिलान्यास समारोह में जुटे दिग्गज नेता

लखनऊ। राजधानी के जानकीपुरम क्षेत्र में रविवार को विकास की नई राह खोलने वाला एक भव्य शिलान्यास समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का संयोजन मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी ने किया। समारोह में वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह, उत्तर विधानसभा के विधायक नीरज बोरा, सभासद निशा तिवारी, सौरभ तिवारी, मंडल महामंत्री सी.के. वर्मा, मंडल महामंत्री अक्षय मिश्रा, राजकुमारी मौर्या, राघवराम तिवारी, दिलीप लोधी, शिखा शुक्ला, दिव्यांशी शुक्ला, निरूपमा राय सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और पदाधिकारी मौजूद रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह ने कहा कि अयोध्या से सीतापुर रोड तक अब यात्रा करना पहले से कहीं आसान हो गया है। विभिन्न पुलों और सड़क परियोजनाओं के कारण यात्रा समय में भारी कमी आई है। उन्होंने कहा कि राजधानी लखनऊ में मेट्रो का दूसरा चरण शुरू हो चुका है और तीसरे चरण का डीपीआर तैयार किया जा रहा है। इसी परियोजना में जानकीपुरम को भी मेट्रो नेटवर्क से जोड़ा जाएगा। नीरज सिंह ने बताया कि अगले महीने से इंजीनियरिंग कॉलेज चौराहे पर पुल का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और वहीं एक अंडरपास भी बनेगा, जिससे क्षेत्र के हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके साथ ही पीपे वाला पुल भी बनने वाला है और खदरी का अंडरपास भी शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा।

कार्यक्रम में विधायक नीरज बोरा ने कहा कि पहली बार ऐसा हुआ है कि जानकीपुरम में बारिश के दौरान जलभराव की समस्या नहीं हुई। यह बदलाव विकास कार्यों का नतीजा है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की गलियों और सड़कों पर पक्की सड़कों का निर्माण कराया गया है और नालियों की सफाई पर विशेष ध्यान दिया गया है। विधायक ने यह भी कहा कि सहारा के पास स्थित तालाब का सुंदरीकरण जल्द ही कराया जाएगा, जिससे न केवल क्षेत्र की सुंदरता बढ़ेगी बल्कि नागरिकों को मनोरंजन का एक नया स्थल भी मिलेगा।

विधायक ने जनता से संवाद करते हुए कहा कि आपने जिस सांसद को चुना है, वह संसद में प्रधानमंत्री के साथ बैठकर लखनऊ के विकास की योजनाओं पर चर्चा करता है। यही कारण है कि राजधानी में लगातार नए-नए प्रोजेक्ट शुरू हो रहे हैं और लखनऊ आधुनिक नगरों की श्रेणी में शुमार होता जा रहा है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंडल अध्यक्ष संजय तिवारी ने कहा कि संगठन पूरी निष्ठा के साथ क्षेत्र के विकास में जुटा हुआ है। विधायक, सभासद और संगठन के सभी पदाधिकारी मिलकर जनता को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को जमीन पर उतारने में जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ कार्यकर्ताओं का भी बड़ा योगदान है। यही कारण है कि आज जानकीपुरम में सड़कों से लेकर जल निकासी तक, हर क्षेत्र में लोगों को सुधार दिखाई दे रहा है।

संजय तिवारी ने कहा कि यह केवल शुरुआत है, आने वाले समय में जानकीपुरम को मेट्रो, फ्लाईओवर, अंडरपास और आधुनिक सुविधाओं से लैस कर दिया जाएगा। इससे न केवल स्थानीय लोगों को यातायात की सुविधाएं मिलेंगी बल्कि क्षेत्र की पहचान भी और मजबूत होगी। उन्होंने कहा कि जनता का समर्थन और संगठन की ताकत ही विकास की इस यात्रा को आगे बढ़ा रही है।

समारोह में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की मौजूदगी इस बात का प्रमाण थी कि क्षेत्र के लोग इन योजनाओं को लेकर उत्साहित और संतुष्ट हैं। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने यह विश्वास दिलाया कि विकास की इस रफ्तार को आगे भी जारी रखा जाएगा और जानकीपुरम को राजधानी का आदर्श क्षेत्र बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *