| |

रणथम्भौर में फिर आया मंदिर मार्ग पर बाघ

भरतपुर, 03 मई (एजेंसी)। राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के रणथंभौर दुर्ग में स्थित त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर शनिवार को अमरेश्वर महादेव के आगे सुरक्षा दीवार पर बाघ को विचरण करते देखकर चौपहिया वाहनों में सवार श्रद्धालुओं में भय व्याप्त हो गया।


इस मार्ग पर 16 अप्रैल को सात वर्षीय कार्तिक सुमन की बाघ के हमले में मौत के बाद यहां बाघ की लगातार आवाजाही बनी रहने से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को गम्भीर खतरा पैदा होता नजर आ रहा है।
वन विभाग के सूत्रों के अनुसार अमरेश्वर महादेव के आगे सुरक्षा दीवार पर बाघ करीब 15 मिनिट तक चहलकदमी करता रहा। इस बीच चौपहिया वाहनों से त्रिनेत्र गणेश मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं ने जब सुरक्षा दीवार पर बाघ को देखा तो वे बुरी तरह आतंकित हो गये।


सात वर्षीय बालक की बाघ के हमले में मौत के बाद वन विभाग ने नौ दिनों के लिए त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग को बंद कर दिया था। उसके बाद एक बार फिर मन्दिर मार्ग को श्रद्धालुओं के लिए वापस खोल दिया गया, लेकिन वन विभाग द्वारा पैदल एवं दुपहिया वाहनों से मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं के प्रवेश पर रोक लगा दी गयी है। यहां सिर्फ स्थानीय चौपहिया वाहनों एवं निर्धारित टैक्सियों को ही प्रवेश दिया जा रहा है।


जिस तरह से त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग एवं रणथंभौर दुर्ग में लगातार बाघ की गतिविधियां बनी हुई हैं उससे श्रद्धालुओं के साथ अनहोनी की आशंका भी बरकरार है। सूत्रों ने बताया कि त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग एवं रणथंभौर दुर्ग के आस-पास इन दिनों करीब 18 बाघ विचरण कर रहे हैं। इनमें से कभी भी कोई भी बाघ त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर आ धमकता है। इससे यहां आने वाले श्रद्धालुओं को खतरा बना रहता है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *