डिजिटल धोखे में फंसी वंदना! ‘वागले की दुनिया’ में आएगा बड़ा ट्विस्ट

मुंबई, 26 जून (एजेंसी)। अभिनेत्री परीवा प्रणति ने कहा है कि आज के डिजिटल युग में साइबर फ्रॉड और पहचान की गलत इस्तेमाल आम होता जा रहा है।

सोनी सब का लोकप्रिय शो ‘वागले की दुनिया’ भारतीय मिडिल क्लास परिवार के रोजमर्रा के संघर्षों, मूल्यों और जिजीविषा को सामने ला रहा है। छोटे-बड़े उतार-चढ़ावों के बीच, वागले परिवार हमें पारिवारिक मूल्यों, ईमानदारी और उम्मीद की अहमियत का एहसास कराता है ,जिससे शो दिल को छू लेने वाला और बेहद जुड़ाव योग्य बन गया है।

आगामी एपिसोड्स में कहानी में एक बड़ा मोड़ आता है, जब पुलिस साई दर्शन सोसाइटी पहुंचती है और वंदना (परीवा प्रणति) को पड़ोसी देश की जासूस होने के आरोप में गिरफ्तार कर लेती है। अधिकारियों के अनुसार एक संवेदनशील सरकारी जानकारी लीक हुई है, और जिस आईपी एड्रेस से यह सुरक्षा चूक हुई, वह वंदना के नाम पर रजिस्टर था।

कहानी और गहराती है जब वंदना के बैंक अकाउंट में 25 लाख रुपए एक अज्ञात विदेशी कंपनी से ट्रांसफर हो जाते हैं, जिससे यह मामला एक जानकारी बेचने की डील जैसा प्रतीत होता है। पुलिस राजेश (सुमित राघवन) को बताती है कि सबूत काफी मजबूत हैं,जिससे वागले परिवार पूरी तरह से स्तब्ध रह जाता है। जैसे-जैसे परिवार सच्चाई को समझने की कोशिश करता है, वंदना पूरी तरह से फंसी हुई नजर आती है।

वंदना वागले का किरदार निभा रहीं परीवा प्रणति ने कहा, “आज के डिजिटल युग में साइबर फ्रॉड और पहचान की गलत इस्तेमाल आम होता जा रहा है, और वंदना के साथ जो होता है, वह एक चेतावनी है। उसकी पहचान और अकाउंट का इस्तेमाल उसे जासूसी जैसे गंभीर अपराध में फंसाने के लिए किया गया, यह बताता है कि हम सब कितने असुरक्षित हैं। मुझे खुशी है कि हमारा शो इस विषय को उजागर कर रहा है, क्योंकि आज हमें और अधिक सतर्क और जागरूक रहने की जरूरत है। ऐसे स्कैम्स मासूम जिंदगियों को बर्बाद कर सकते हैं, और यह हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है कि हम संदिग्ध गतिविधियों की रिपोर्ट करें और मजबूत साइबर सुरक्षा तंत्र की मांग करें।”

‘वागले की दुनिया -नई पीढ़ी, नए किस्से’, हर सोमवार से शनिवार रात 9:30 बजे, सिर्फ सोनी सब पर प्रसारित होता है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *