MP में नर्मदा किनारे लावारिस मिले सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड: राऊ विधानसभा से जुड़े हैं दस्तावेज, कांग्रेस ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

हर्षराज गुप्ता, खरगोन/हेमंत शर्मा, इंदौर। मध्य प्रदेश के खरगोन में नर्मदा नदी किनारे सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड लावारिस हालत में पड़े मिले। यह सभी वोटर आईडी कार्ड इंदौर जिले के राऊ विधानसभा क्षेत्र का बताया जा रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने वोटर आईडी कार्ड एकत्रित किए और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर शेयर किया। कांग्रेस ने इसकी शिकायत थाने में दर्ज कराई है। साथ ही जांच कर दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह पूरा मामला मंडलेश्वर थाना क्षेत्र का है।

खरगोन जिले के मंडलेश्वर स्थित नर्मदा नदी किनारे सैकड़ों वोटर आईडी कार्ड लावारिस हालत में पड़े मिले। यह सभी इंदौर जिले के राऊ विधानसभा क्षेत्र के बताए जा रहे है। लोगों ने इसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर शेयर कर प्रशासनिक अधिकारियों तक पहुंचाया। वहीं जिला कांग्रेस अध्यक्ष रवि नाइक कार्यकर्ताओं के साथ मंडलेश्वर थाने पहुंचे और शिकायत की। वहीं पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेत्री डॉ विजयलक्ष्मी साधौ ने भी वीडियो पोस्ट कर उचित जांच कर दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

आरिफ मसूद बोले- सबसे पहले ज्ञानेश कुमार के जेल भेजा जाए

कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि ये पहली बार नहीं हुआ, हम लगातार वोटर लिस्ट में हुए फर्जीवाड़े का मामला उठा रहे हैं। वोटर लिस्ट में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियां हुई हैं। 1 नवंबर को इंडिया गठबंधन का बड़ा प्रदर्शन होना है, जो बात इंडिया गठबंधन कर रहा है, वह देश की सच्चाई है। SIR के खिलाफ हम लगातार बोल रहे हैं। भोपाल में भी नगर निगम चुनाव के दौरान ऐसा हुआ था। सबसे पहले ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई होना चाहिए, उन्हें जेल भेजा जाए।

कांग्रेस जिला अध्यक्ष रवि नाइक

पूर्व कैबिनेट मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने इंदौर में मीडिया से चर्चा के दौरान कहा कि मंडलेश्वर में नर्मदा नदी के किनारे राऊ विधानसभा के वोटर आईडी कार्ड मिले हैं। सफाई के दौरान यह मामला सामने आया है। उन्होंने कहा कि यह गंभीर मामला है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने मांग की कि चुनाव आयोग, प्रदेश और जिला प्रशासन को इसका संज्ञान लेना चाहिए और जांच कर यह स्पष्ट करना चाहिए कि ये कार्ड असली हैं या नकली और यहां कैसे पहुंचे।

पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा

निष्पक्ष जांच की मांग

पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस पूरे मामले को गंभीरता से ले रही है और इसकी जांच की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि जनता और न्यायपालिका को भी इसका संज्ञान लेना चाहिए ताकि व्यवस्था में सुधार हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही में अखबारों में कई बड़े घोटालों की खबरें सामने आई हैं, जिन पर अधिकारी जांच की बात कहते हैं, लेकिन परिणाम नहीं आता। फिलहाल वोटर कार्ड मिलने के मामले में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। जांच के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आ पाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *