|

भाजपा मुख्यालय में स्मृति ईरानी ने ठुकराई स्वागत भेंट, कांग्रेस ने ली चुटकी, कहा- बीजेपी में कार्यकर्ताओं के साथ होता है गलत व्यवहार, वीडियो भी किया साझा

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी अपने पहले दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंची हुई हैं। इस दौरान उनके स्वागत के लिए एयरपोर्ट से लेकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय तक पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भीड़ देखने को मिली। लेकिन, इसी बीच भाजपा प्रदेश मुख्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में स्वागत के दौरान एक अलग नजारा देखने को मिला। यहां स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए प्रदेश महामंत्री, जिलाध्यक्ष, मोर्चा-प्रकोष्ठों के अध्यक्ष और अन्य कार्यकर्ता कतारबद्ध होकर खड़े थे, लेकिन प्रदेश प्रभारी ने किसी भी पदाधिकारी या कार्यकर्ता से फूल, गुलदस्ता और शॉल स्वीकार नहीं किया। इसे लेकर सूबे की सियासत गरमाई हुई है। वहीं कांग्रेस ने सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर करते हुए निशाना साधा है कि भाजपा में देवतुल्य कार्यकर्ताओं की पूछ-परख नहीं है। भाजपा नेता कार्यकर्ताओं को नदारद रखते हैं। इसका सीधा उदाहरण आज प्रदेश प्रभारी के दौरे पर दिख गया है।

इस दौरान स्मृति ईरानी ने एक कार्यकर्ता को आंखों से चश्मा उतारने के लिए भी कहा। वहीं रायपुर जिलाध्यक्ष रमेश ठाकुर द्वारा पदाधिकारियों का परिचय कराए जाने के दौरान उन्होंने कहा कि वे खुद सभी से बात कर लेंगी।

भाजपा मुख्यालय में 9 घंटे तक चली मैराथन बैठक

भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी ने अपने दौरे के पहले दिन भाजपा प्रदेश मुख्यालय में 9 घंटे से अधिक समय तक मैराथन बैठकें कीं। इस दौरान उन्होंने प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्रियों, प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और सह-प्रभारियों, जिला प्रभारियों और सह-प्रभारियों के साथ संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा की। इसके अलावा पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों और निगम-मंडल, बोर्ड एवं आयोगों के अध्यक्षों और उपाध्यक्षों के साथ भी बैठक की।

पूर्व सांसदों और विधायकों से पूछा- 2028 में कैसे बनेगी सरकार?

बैठक के दौरान स्मृति ईरानी ने पदाधिकारियों से संगठन की गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने पूर्व सांसदों और विधायकों से वर्ष 2028 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में दोबारा भाजपा की सरकार बनाने को लेकर सवाल किया कि 2028 में कैसे बनेगी सरकार? इस दौरान कुछ मंत्रियों की शिकायतें भी प्रदेश प्रभारी तक पहुंचीं। स्मृति ईरानी ने सभी पदाधिकारियों को एकजुट होकर काम करने के निर्देश दिए। साथ ही सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया।

बिना प्रोटोकॉल और सुरक्षा के भाजपा मुख्यालय से रवाना हुईं स्मृति ईरानी

भाजपा मुख्यालय में दिनभर चली मैराथन बैठकों के बाद स्मृति ईरानी रवाना हो गईं। बताया जा रहा है कि वे बिना प्रोटोकॉल और सुरक्षा व्यवस्था के निकलीं। पहले दिन की अंतिम बैठक निगम-मंडल, बोर्ड और आयोगों के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ हुई।

कल मंत्रियों, सांसदों और विधायकों के साथ होगी बैठक

अपने दो दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे के दूसरे दिन स्मृति ईरानी भाजपा के विधायकों, सांसदों और मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल को लेकर समीक्षा की जाएगी।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *