bihar liqour smuggling

Bihar Liqour Smuggling: शराब से भरी कार में लगी आग, फिर पानी में शुरू हुई लूट; बिहार में शराबबंदी पर उठे सवाल

Bihar Liqour Smuggling: बिहार में शराबबंदी कानून के बावजूद शराब की तस्करी और खुलेआम शराब मिलने के मामले सामने आते रहते हैं. अब कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र से एक ऐसा ही मामला सामने आया है. यहां हरियाणा नंबर की एक कार में अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि कार में भारी मात्रा में शराब भरी हुई थी. पकड़े जाने के डर से कार सवार लोग गाड़ी को सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में धकेलकर फरार हो गए. हैरानी की बात यह रही कि जब पुलिस मौके पर पहुंची और कार को बाहर निकालने की कोशिश की, तो उसमें से शराब के पैकेट और बोतलें पानी में बहकर बाहर आने लगीं. इसके बाद वहां मौजूद लोगों की भीड़ शराब उठाने के लिए टूट पड़ी. कुछ लोग पानी में उतरकर शराब के पैकेट ले जाते दिखाई दिए.

कार में अचानक लगी आग

यह घटना कैमूर जिले के मोहनिया थाना क्षेत्र के दसौती गांव के पास की है. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सड़क से गुजर रही एक सफेद रंग की कार में अचानक आग लग गई. कार में शराब लदी होने की बात सामने आई है. बताया जा रहा है कि कार में सवार लोगों को पकड़े जाने का डर था. इसी वजह से उन्होंने गाड़ी को सड़क किनारे पानी से भरे गड्ढे में धकेल दिया और मौके से फरार हो गए. घटना की सूचना मिलने के बाद मोहनिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची.

कार से पानी में बहकर बाहर आने लगी शराब

पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार को गड्ढे से बाहर निकालने की कोशिश शुरू की. इसी दौरान कार के अंदर रखे शराब के पैकेट और बोतलें पानी में बहकर बाहर आने लगीं. पानी में शराब के पैकेट दिखाई देते ही वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुट गई. कई लोग पानी में उतरकर शराब के पैकेट उठाने लगे. कुछ लोग शराब लेकर जाते हुए भी दिखाई दिए. बताया जा रहा है कि यह सब पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में हुआ. इससे मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई.

ये भी पढ़ें: कुकर की ढक्कन से पीटा, फिर चाकू से पेट फाड़ा; ज्यादा फोन चलाने को लेकर टोकने पर पिता की हत्या

पुलिस ने कार और शराब को कब्जे में लिया

पीटीसी अधिकारी योगेंद्र कुमार ने बताया कि कार में आग लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. जांच के दौरान कार से शराब बरामद हुई है. हालांकि, कार में सवार लोग पुलिस के पहुंचने से पहले ही फरार हो चुके थे. पुलिस ने कार और बरामद शराब को अपने कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. फरार लोगों की पहचान करने की भी कोशिश की जा रही है. बता दें कि, बिहार में शराब की बिक्री और सेवन पर रोक है. वीडियो वायरल होने के बाद लोग प्रशासन पर सवाल उठा रहे हैं.

ये भी पढ़ें: कुकर की ढक्कन से पीटा, फिर चाकू से पेट फाड़ा; ज्यादा फोन चलाने को लेकर टोकने पर पिता की हत्या

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *