hyderabad crime news

Hyderabad Crime News: मां और बॉयफ्रेंड के बीच आ रहा था बच्चा, लिव-इन पार्टनर ने ऐसे हटाया बीच का रोड़ा; कत्ल कर फरार आरोपी

Hyderabad Crime News: हैदराबाद के बोराबांदा इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां महज पांच साल के मासूम बच्चे की गला घोंटकर हत्या कर दी गई. इस वारदात को अंजाम देने का आरोप बच्चे की मां के लिव-इन पार्टनर पर लगा है. घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है. मृतक बच्चे की पहचान विजय के रूप में हुई है, जबकि आरोपी का नाम विद्यासागर (36) बताया जा रहा है.

किराए के मकान में हुई वारदात

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 1 नवंबर की रात शिल्पी नगर स्थित एक किराए के मकान में हुई. बच्चे की मां दुर्गा कैटरिंग के काम से बाहर गई हुई थी. उस समय घर में पांच साल का विजय और उसकी मां का लिव-इन पार्टनर विद्यासागर मौजूद थे. इसी दौरान विद्यासागर ने बच्चे का गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी. हालांकि, अभी तक हत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है.

सुबह घर लौटी मां तो बिस्तर पर मिला मासूम

बताया जा रहा है कि दुर्गा 2 नवंबर की सुबह करीब 6:30 बजे घर लौटी थी. घर पहुंचने पर उसने अपने बेटे विजय को बिस्तर पर बेसुध हालत में पड़ा देखा. बच्चे की हालत देखकर मां घबरा गई और उसने विद्यासागर से इस बारे में सवाल किए. इसके बाद दुर्गा ने शोर मचाना शुरू कर दिया. आरोप है कि मां की आवाज सुनते ही विद्यासागर मौके से फरार हो गया. उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग भी घर पहुंच गए.

पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसियों ने बोराबांदा पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. दुर्गा की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी विद्यासागर के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है. इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत केस दर्ज किया गया है.

ये भी पढ़ें: पति के अंतिम संस्कार की चल रही थी तैयारी, तभी कान के पीछे दिखी ऐसी चीज; खुल गई हत्यारी बीवी और उसके प्रेमी की पोल

आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित की है. उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. फिलहाल विद्यासागर फरार बताया जा रहा है. पुलिस हत्या के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मामले में कई अहम जानकारियां सामने आने की उम्मीद है.

ये भी पढ़ें:  Caught In CCTV: भिवंडी में गाने पर महाभारत, साउंड बॉक्स को लेकर भिड़े दो गुट; एक ने चलाई गोली, दूसरे ने चलाया चॉपर

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *