दिवाली पर घर में पसरा मातम, पत्नी की हत्या के बाद पति ने भी दी जान; घर लौटे बच्चों के उड़े होश

Indore Crime News: मध्य प्रदेश के इंदौर में दिवाली के दिन एक ऐसी घटना हुई, जिसने पूरे इलाके को दहला दिया. यहां एक पति ने पहले अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी और फिर खुद भी फांसी लगाकर जान दे दी. सबसे दर्दनाक बात यह रही कि जब दंपती के दोनों बच्चे घर लौटे तो उनके सामने माता-पिता के शव पड़े थे. इस मंजर ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया.

घटना इंदौर के राऊ थाना क्षेत्र की साईं विहार कॉलोनी की है. मृतकों की पहचान पवन सोनी और उसकी पत्नी वर्षा के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि वारदात के समय पवन ने 14 साल के बेटे और 7 साल की बेटी को खेलने के लिए गार्डन भेज दिया था. कुछ देर बाद जब दोनों बच्चे वापस आए तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए. कमरे में मां का शव पड़ा था. वहीं पिता फंदे से लटका हुआ था.

विवाद के बाद उठाया खौफनाक कदम

जानकारी के मुताबिक, पवन सोनी मूल रूप से रीवा का रहने वाला था और इंदौर में पराठे की दुकान चलाता था. शुरुआती जांच में सामने आया है कि पति-पत्नी के बीच किसी दूसरे युवक से पत्नी की बातचीत को लेकर विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर दोनों के रिश्तों में तनाव था. बताया जा रहा है कि पवन ने घटना से एक दिन पहले अपने कुछ दोस्तों के सामने पत्नी और बच्चों को नुकसान पहुंचाने की आशंका भी जताई थी.

मोबाइल फोन की जांच कर रही पुलिस

घटना की जानकारी मिलते ही राऊ थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. अधिकारियों की टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है. इसके अलावा दंपती के मोबाइल फोन और दूसरे जरूरी साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है. फिलहाल पुलिस पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित कारणों को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है. दिवाली के दिन हुई इस घटना के बाद कॉलोनी में शोक का माहौल है.

ये भी पढ़ें: Shahjahanpur News: सुबह दौड़ लगाने निकलीं दो सहेलियां, एक ही पेड़ पर फंदे से लटके मिले शव; गांव में मचा हड़कंप

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *