Supreme Court: आनंद मोहन की मुश्किलें बढ़ीं! सुप्रीम कोर्ट ने रद्द की रिहाई, एक महीने में फिर जाना होगा जेल
Supreme Court Verdict on Anand Mohan: बिहार के पूर्व सांसद और बाहुबली नेता आनंद मोहन की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं. जिस रिहाई के बाद वह जेल से बाहर आए थे, अब उसी पर सुप्रीम कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाया है. अदालत ने बिहार सरकार के उस संशोधन को असंवैधानिक करार दिया है, जिसकी मदद से आनंद मोहन की समय से पहले रिहाई का रास्ता खुला था. इतना ही नहीं, सुप्रीम कोर्ट ने उन्हें एक महीने के अंदर सरेंडर करके दोबारा जेल जाने का आदेश भी दिया है. इस फैसले के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज होना तय माना जा रहा है.
रिहाई पर हुआ था विवाद
यह पूरा मामला 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी. कृष्णैया की हत्या से जुड़ा है. उस समय भीड़ ने उनकी हत्या कर दी थी. इस मामले में आनंद मोहन को दोषी पाया गया था और अदालत ने उन्हें उम्रकैद की सजा सुनाई थी. अप्रैल 2023 में बिहार सरकार ने जेल नियमों में बदलाव किया. इसके बाद आनंद मोहन को समय से पहले रिहा कर दिया गया. इस फैसले का जी. कृष्णैया की पत्नी उमा देवी कृष्णैया ने विरोध किया और सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर रिहाई को चुनौती दी.
बिहार सरकार के नियम बदलने पर उठे सवाल
याचिकाकर्ता की ओर से अदालत में दलील दी गई कि आनंद मोहन की रिहाई के दौरान सजा माफी से जुड़े सभी जरूरी पहलुओं पर सही तरीके से विचार नहीं किया गया. वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने यह भी बताया कि आनंद मोहन को कई बार पैरोल मिली थी. दूसरी तरफ बिहार सरकार और आनंद मोहन की ओर से कहा गया कि उनकी रिहाई का फैसला मनमाना नहीं था. सरकार ने दलील दी कि वह 14 साल से ज्यादा की वास्तविक सजा काट चुके हैं.
पहले फांसी और फिर उम्रकैद
इस मामले में निचली अदालत ने 5 अक्टूबर 2007 को आनंद मोहन को फांसी की सजा सुनाई थी. हालांकि, 10 दिसंबर 2008 को पटना हाई कोर्ट ने इसे उम्रकैद में बदल दिया. जुलाई 2012 में सुप्रीम कोर्ट ने भी हाई कोर्ट के फैसले को बरकरार रखा था. सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने ड्यूटी पर तैनात एक सरकारी अधिकारी की हत्या को लेकर गंभीर सवाल उठाए थे. अदालत ने पैरोल और अन्य लंबित मामलों की जानकारी भी मांगी थी.
ये भी पढ़ें: नौकरी जाए तो जाए, सपा का साथ नहीं छोड़ूंगा! सस्पेंड यूपी पुलिस कांस्टेबल का बड़ा ऐलान, 2027 में चुनाव लड़ने की तैयारी