tirupati temple donation

Tirupati Temple donation: तिरुपति बालाजी को 121 किलो सोना दान करने वाले वर्धमान जैन कौन हैं? जानें इनकी पूरी कहानी

Tirupati Temple donation: आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर (तिरुपति बालाजी) मंदिर में एक भक्त ने ऐसी भेंट चढ़ाई है, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है. चेन्नई के उद्योगपति वर्धमान जैन ने भगवान के चरणों में 121 किलोग्राम सोने के आभूषण अर्पित किए हैं. इस भव्य भेंट की कीमत करीब 160 से 206 करोड़ रुपये के बीच बताई जा रही है. 26 नवंबर को मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में यह दान मंदिर प्रशासन को सौंपा गया. इसे तिरुमला मंदिर के इतिहास में किसी एक भक्त की ओर से किए गए सबसे बड़े व्यक्तिगत दान में से एक माना जा रहा है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि भगवान को इतना बड़ा दान देने वाले वर्धमान जैन कौन हैं और कैसे उन्होंने कारोबार की दुनिया में अपनी पहचान बनाई?

कौन हैं वर्धमान जैन?

भगवान वेंकटेश्वर को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण भेंट करने वाले वर्धमान जैन चेन्नई के जाने-माने उद्योगपति और परोपकारी व्यक्ति हैं. वह हेल्थकेयर टेक्नोलॉजी कंपनी एक्सेस हेल्थकेयर (Access Healthcare) के सह-संस्थापक और वाइस चेयरमैन हैं. इसके अलावा वह एशिया इंजीनियरिंग कंपनी में भी निदेशक के रूप में जुड़े हुए हैं. वर्धमान जैन ने कारोबार की दुनिया में अपनी पहचान हेल्थकेयर और बिजनेस प्रोसेस आउटसोर्सिंग (BPO) के क्षेत्र में बनाई है. उन्हें तकनीक और बिजनेस मैनेजमेंट का अच्छा अनुभव है. उनकी कंपनी हेल्थकेयर सेक्टर में तकनीकी समाधान और ऑटोमेशन के जरिए कामकाज को आसान बनाने में अहम भूमिका निभाती है. हालांकि, उनकी पहचान सिर्फ एक सफल कारोबारी तक सीमित नहीं है. वह धार्मिक गतिविधियों और समाजसेवा में भी सक्रिय रहते हैं.

लोयोला कॉलेज से पढ़ाई, अमेरिका से हासिल की उच्च शिक्षा

वर्धमान जैन की शैक्षणिक पृष्ठभूमि भी काफी मजबूत है. उन्होंने चेन्नई के प्रतिष्ठित लोयोला कॉलेज से सांख्यिकी (Statistics) में स्नातक की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद वह उच्च शिक्षा के लिए अमेरिका चले गए. यहां उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्सास एट ऑस्टिन से कंप्यूटर साइंस की पढ़ाई की. शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने कॉरपोरेट सेक्टर में अपना करियर शुरू किया. वह डेल सर्विसेज (Dell Services) के बीपीओ डिवीजन में मैनेजिंग डायरेक्टर के पद पर काम कर चुके हैं. इस दौरान उन्हें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कारोबार के संचालन और तकनीकी प्रबंधन का अनुभव मिला. बाद में इसी अनुभव के आधार पर उन्होंने हेल्थकेयर क्षेत्र में अपनी अलग कंपनी खड़ी करने की दिशा में कदम बढ़ाया.

एक्सेस हेल्थकेयर से बनाई वैश्विक पहचान

वर्धमान जैन ने हेल्थकेयर बीपीओ सेक्टर में नई संभावनाओं को देखते हुए एक्सेस हेल्थकेयर की स्थापना की. कंपनी ने हेल्थकेयर से जुड़े कारोबार में तकनीक, ऑटोमेशन और डिजिटल प्रक्रियाओं को बढ़ावा देने पर काम किया. धीरे-धीरे कंपनी ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी पहचान बनाई. साल 2025 में एक्सेस हेल्थकेयर में उनकी हिस्सेदारी का बड़ा सौदा भी चर्चा में रहा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की 70 फीसदी हिस्सेदारी अमेरिकी कंपनी को करीब 2 अरब डॉलर के सौदे में बेची गई थी. इस कारोबारी सफलता के बाद वर्धमान जैन की संपत्ति और उनके परोपकारी कार्यों को लेकर भी चर्चा बढ़ी.

अस्पताल से लेकर गरीबों की मदद तक, समाजसेवा में भी सक्रिय

वर्धमान जैन कारोबार के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारियों को भी महत्व देते हैं. वह चेन्नई के कांची कामकोटि चाइल्ड्स ट्रस्ट अस्पताल (Kanchi Kamakoti CHILDS Trust Hospital) के मैनेजिंग ट्रस्टी हैं. इस अस्पताल के जरिए बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम किया जाता है. इसके अलावा वह श्री सरिता जैन फाउंडेशन ट्रस्ट के माध्यम से भी सामाजिक कार्यों में योगदान देते हैं. इस फाउंडेशन के जरिए जरूरतमंद लोगों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भोजन से जुड़ी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में काम किया जाता है. वर्धमान जैन का परोपकारी कार्य युवाओं के कौशल विकास जैसे क्षेत्रों तक भी फैला हुआ है.

भगवान वेंकटेश्वर को क्यों भेंट किए 121 किलो सोने के आभूषण?

वर्धमान जैन भगवान वेंकटेश्वर के भक्त हैं और अपनी कारोबारी सफलता के पीछे भगवान का आशीर्वाद मानते हैं. इसी कृतज्ञता के भाव से उन्होंने भगवान को 121 किलोग्राम सोने के आभूषण अर्पित किए हैं. इस भेंट में भगवान के मुकुट, कमरबंद, कंधों के आभूषण, शंख-चक्र से जुड़े आभूषण और चरणों के लिए विशेष आभूषण शामिल हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, इन आभूषणों को नौ सेट में तैयार किया गया है. इन्हें मंदिर की परंपराओं और धार्मिक अनुष्ठानों के अनुरूप विशेष रूप से बनवाया गया है. इन आभूषणों को तैयार करने में करीब 15 महीने का समय लगा. मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की मौजूदगी में वर्धमान जैन ने ये आभूषण मंदिर प्रशासन को सौंपे.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *