लखनऊ में किराए के कमरे तक पहुंचकर महिला से मारपीट का आरोप, गला दबाकर तीसरी मंजिल से लटकाने की कोशिश का दावा

पति समेत ससुराल वालों पर प्रताड़ना और जान से मारने की धमकी देने के आरोप, 6 साल के बच्चे को लेकर भी विवाद

लखनऊ। गोंडा जिले के उमरी बेगमगंज थाना क्षेत्र की रहने वाली प्रिया मिश्रा ने अपने पति और ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। प्रिया का कहना है कि उसकी शादी को करीब 7 साल हो चुके हैं और उसका 6 साल का एक बच्चा है। पिछले करीब दो महीने से वह लखनऊ में किराए के मकान में रहकर किसी तरह अपना और बच्चे का गुजारा कर रही है। आरोप है कि इसके बावजूद उसके ससुराल वाले उसे लगातार परेशान कर रहे हैं और अब लखनऊ स्थित उसके किराए के कमरे तक पहुंचकर मारपीट करने का आरोप लगाया है।

प्रिया के मुताबिक, उसके पति धर्मेंद्र मिश्रा , ससुर, जेठ और जेठानी उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करते हैं। महिला का आरोप है कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से संबंध है और इसी वजह से उसे प्रताड़ित किया जा रहा है। प्रिया ने जिस महिला का नाम बताया है, वह क्रांति यादव है।

महिला का आरोप है कि करीब 10 दिन पहले रात लगभग 11 बजे उसके ससुराल पक्ष के लोग उसके लखनऊ स्थित किराए के कमरे पर पहुंचे। आरोप है कि वहां उसके साथ जमकर मारपीट की गई और उसका गला दबाया गया। प्रिया का दावा है कि उसे तीसरी मंजिल से लटकाने की कोशिश की गई। महिला के अनुसार, उस समय उसकी जान पर बन आई थी और यदि समय रहते उसका गला नहीं छोड़ा जाता तो उसकी मौत हो सकती थी।

प्रिया का कहना है कि वह किसी तरह मेहनत करके अपना घर चला रही है, लेकिन ससुराल वाले उसे चैन से जीने नहीं दे रहे हैं। महिला के मुताबिक, वह पति और ससुराल वालों से अलग रह रही है, लेकिन इसके बावजूद आरोपी कथित रूप से उसके पीछे लखनऊ तक पहुंच गए। महिला का आरोप है कि उसे लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।

बच्चे को लेकर भी विवाद, महिला बोली- अकेले रहने को मजबूर हूं

प्रिया के मुताबिक, उसका 6 साल का बच्चा भी इस पूरे विवाद के बीच प्रभावित हो रहा है। महिला का कहना है कि बच्चा अपने पिता के साथ रहने की बात कहता है, जबकि वह खुद अकेली रहकर संघर्ष कर रही है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग बच्चे को लेकर भी उसे मानसिक रूप से परेशान करते हैं।

महिला का कहना है कि रात के समय हुई मारपीट के दौरान परिवार के लोगों ने उसकी मदद करने के बजाय उसे ही गलत ठहराया। प्रिया का आरोप है कि उसे कहा गया कि गलती उसकी है और इसी तरह के विवादों के बीच उसे लगातार मानसिक प्रताड़ना दी जा रही है।

पीड़िता ने न्याय और सुरक्षा की लगाई गुहार

प्रिया मिश्रा ने पूरे मामले में पुलिस और प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है। महिला का कहना है कि यदि उसके साथ दोबारा कोई घटना होती है तो इसके लिए उसके पति और ससुराल पक्ष के लोग जिम्मेदार होंगे। पीड़िता ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और अपनी तथा अपने बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित कराने की मांग की है।

महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हो सकी है। मामले में पुलिस जांच और दोनों पक्षों के बयान के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *