अंतर्राष्ट्रीय ट्रैफिक लाइट दिवस: जींद ट्रैफिक पुलिस ने दिया सड़क सुरक्षा का संदेश

संजय कुमार जींद। 5 अगस्त को दुनियाभर में अंतर्राष्ट्रीय ट्रैफिक लाइट दिवस मनाया जाता है। इस अवसर पर जींद यातायात पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और ट्रैफिक सिग्नलों का सम्मान करने की अपील की। सिटी ट्रैफिक इंचार्ज सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने कहा कि ट्रैफिक लाइट केवल सड़क पर लगे संकेत नहीं हैं, बल्कि सुरक्षित और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था की मजबूत आधारशिला हैं। इनके पालन से सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।

सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि यातायात पुलिस समय-समय पर जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी देती है। इसके साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमित रूप से चालान की कार्रवाई भी की जाती है। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन ट्रिपल राइडिंग के लगभग 10 से 12 चालान किए जाते हैं। इसके अलावा बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, वाहनों पर अवैध ब्लैक फिल्म, अंडरएज ड्राइविंग और रेड लाइट जंप करने वालों के खिलाफ भी सख्ती से कार्रवाई की जा रही है।

उन्होंने कहा कि ट्रैफिक सिग्नल के तीनों रंग सड़क सुरक्षा का स्पष्ट संदेश देते हैं। लाल बत्ती रुकने, पीली बत्ती सावधान रहने और हरी बत्ती आगे बढ़ने का संकेत देती है। यदि प्रत्येक वाहन चालक इन संकेतों का ईमानदारी से पालन करे तो सड़क हादसों में उल्लेखनीय कमी लाई जा सकती है।

राजेश कुमार ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वाहन हमेशा निर्धारित गति सीमा में चलाएं, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करें और सड़क पर अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि केवल वाहन चालकों ही नहीं, बल्कि पैदल यात्रियों को भी यातायात नियमों का पालन करना चाहिए। सड़क सुरक्षा सभी की साझा जिम्मेदारी है और छोटी-सी सावधानी किसी की जान बचा सकती है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *