82162027 8217

‘2027 में सपा का खेल खत्म’ केशव मौर्य का बड़ा दावा, राम मंदिर से ज्ञानवापी-मथुरा तक विपक्ष को घेरा

सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधानसभा में राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर शुरू हुआ राजनीतिक विवाद अब और तेज हो गया है. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी पर बड़ा हमला बोलते हुए दावा किया है कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता सपा को करारा जवाब देगी और पार्टी का राजनीतिक सफाया तय है.

बुधवार को विधानसभा परिसर में मीडिया से बातचीत करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सदन में प्रदेश के विकास और 25 करोड़ जनता से जुड़े मुद्दों पर अपनी बात रखना चाहते थे, लेकिन समाजवादी पार्टी के विधायकों ने हंगामा कर कार्यवाही बाधित कर दी.

इसे भी पढ़ें- ‘गरीबों के आंसू पोंछना ही असली समाजवाद’ जनेश्वर मिश्र की जयंती पर शिवपाल यादव का संदेश

‘जनता सब देख रही है’, विपक्ष पर सदन बाधित करने का आरोप

केशव मौर्य ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी का उद्देश्य जनहित के मुद्दों पर चर्चा करना नहीं, बल्कि विधानसभा की कार्यवाही को रोकना है. उन्होंने कहा कि जनता विपक्ष के व्यवहार को देख रही है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी. उन्होंने कहा कि सरकार विकास, कानून व्यवस्था और जनकल्याण के मुद्दों पर काम कर रही है, जबकि विपक्ष केवल राजनीतिक विवाद खड़ा करने में जुटा है.

राम मंदिर चढ़ावे के सवाल पर सपा को घेरा

राम मंदिर में चढ़ावे की कथित गड़बड़ी के आरोपों पर बोलते हुए उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी के रुख पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि जो लोग पहले श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन का विरोध करते रहे, उन्हें अब मंदिर और उससे जुड़े विषयों पर सवाल उठाने का नैतिक अधिकार नहीं है. मौर्य ने कहा कि राम मंदिर करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है और इस मुद्दे पर राजनीति करने वालों को जनता जवाब देगी.

ज्ञानवापी और मथुरा विवाद पर विपक्ष से मांगा जवाब

केशव प्रसाद मौर्य ने विपक्ष को चुनौती देते हुए कहा कि अगर समाजवादी पार्टी धार्मिक और ऐतिहासिक मुद्दों पर अपनी राय रखना चाहती है तो उसे काशी के ज्ञानवापी परिसर और मथुरा के श्रीकृष्ण जन्मभूमि-शाही ईदगाह विवाद पर भी अपना पक्ष साफ करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष इन मुद्दों पर चुप रहता है, लेकिन राम मंदिर को लेकर बयानबाजी करता है.

इसे भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर विधानसभा से X तक सियासी संग्राम! सतीश महाना के बयान पर ओवैसी का पलटवार, उठाए बड़े सवाल

2027 चुनाव को लेकर सियासी घमासान तेज

डिप्टी सीएम ने दावा किया कि विधानसभा में सपा के प्रदर्शन और उसके राजनीतिक रुख का असर आगामी चुनाव में दिखाई देगा. उन्होंने कहा कि 2027 में प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के मुद्दे पर वोट करेगी और समाजवादी पार्टी को हार का सामना करना पड़ेगा.

वहीं, विपक्ष लगातार सरकार पर सवाल उठा रहा है और राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच को लेकर आवाज उठा रहा है. ऐसे में यूपी की राजनीति में यह मुद्दा आने वाले दिनों में और गर्म होने के संकेत दे रहा है.

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *