पेड़ पर विशाल अजगर और खेतों में तेंदुआ! यमुनानगर में वन्यजीवों की दस्तक से हड़कंप

Kalesar National Park Python : यमुनानगर। बरसात का मौसम शुरू होते ही यमुनानगर के जंगलों और आसपास के इलाकों में वन्यजीवों की गतिविधियां लगातार बढ़ती नजर आ रही हैं। ताजा मामला कलेसर नेशनल पार्क से सामने आया है, जहां जंगल के भीतर एक विशाल काले रंग का अजगर पेड़ से लिपटा हुआ दिखाई दिया। इस दुर्लभ नजारे को देखकर वाइल्डलाइफ विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने खुशी जताई। उनका कहना है कि यह इस बात का संकेत है कि कलेसर का जंगल वन्यजीवों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करा रहा है।

चार दिन पहले सड़क पर पहुंचा था जंगली हाथी

वहीं, चार दिन पहले भी कलेसर के जंगल से निकलकर एक जंगली हाथी सड़क पर पहुंच गया था, जिसके चलते कुछ समय के लिए वाहन चालकों में हलचल मच गई थी। अब अजगर के दिखाई देने से एक बार फिर जंगल की समृद्ध जैव विविधता चर्चा का विषय बन गई है।

याकूबपुर के खेतों में दिखा तेंदुआ, वीडियो हुआ वायरल

इधर, छछरौली क्षेत्र के याकूबपुर गांव के खेतों में भी तेंदुए की चहलकदमी का वीडियो सामने आया है। खेतों में मौजूद एक युवक ने तेंदुए को देखकर अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। वीडियो सामने आने के बाद आसपास के गांवों में लोगों के बीच सतर्कता बढ़ गई है।

वन विभाग ने जारी की सलाह

गौरतलब है कि पिछले कुछ दिनों के दौरान यमुनानगर जिले के अलग-अलग इलाकों में तेंदुए कई बार दिखाई दे चुके हैं। वाइल्ड लाइफ विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी भी वन्यजीव की मौजूदगी नजर आए तो उसके पास जाने या उसे छेड़ने की कोशिश न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें, ताकि वन्यजीवों और आम लोगों दोनों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *