स्कूल में शराब पार्टी पड़ी भारी: दोनों शिक्षक निलंबित, वीडियो वायरल होने पर शिक्षा विभाग ने की कार्रवाई

पुरुषोत्तम पात्र, गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में शिक्षा विभाग बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। मैनपुर विकासखंड के देवझर (अमली) स्कूल में शराब पार्टी करने वाले दोनों शिक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।

जानिए क्या है पूरा मामला

बता दें कि मैनपुर विकासखंड अंतर्गत शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला देवझर (अमली) के दो शिक्षक मनोज कुमार भारद्वाज और कमल सिंह दीवान का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें दोनों शिक्षक स्कूल कार्यालय में ही शराब पीते और चखना खाते दिखाई दिए थे। इस दौरान कई छात्र-छात्राएं बिना पढ़ाई के स्कूल परिसर में मौजूद थे।

निलंबन का आदेश जारी

वीडियो वायरल होने के बाद संभागीय संयुक्त संचालक, शिक्षा संभाग रायपुर ने दोनों शिक्षकों के निलंबन का आदेश जारी कर दिया। इससे पहले मामले में दोनों शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था। विभागीय स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए अब निलंबन की कार्रवाई की गई है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

निलंबन आदेश के अनुसार, दोनों शिक्षकों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, मैनपुर निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी। मामले की विभागीय जांच आगे भी जारी रहेगी। जांच रिपोर्ट और नियमानुसार प्रक्रिया के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *