आचार्य समय सागर जी देंगे विधानसभा में प्रवचन…! भोपाल में चातुर्मास पर बोले CM मोहन यादव- सरकार बुलाएगी विशेष सत्र

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में विद्या शिरोमणि परम पूज्य आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज के पावन चातुर्मास के दौरान भक्तिमय माहौल देखने को मिला। एमपी नगर स्थित ‘विद्योदय तीर्थ’ में आयोजित कलश स्थापना समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल हुए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने आचार्य श्री के चरण धोकर आशीर्वाद प्राप्त किया और एक बड़ी घोषणा की।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हमारी सरकार एक दिवसीय विधानसभा का विशेष सत्र आयोजित करेगी और आचार्य श्री को विधानसभा में प्रवचन देने के लिए आमंत्रित करेगी, ताकि राज्य के सभी विधायकों, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को उनका मार्गदर्शन मिल सके।

‘अहिंसा हमें मोक्ष की ओर ले जाती है’

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि हम सभी ‘जीओ और जीने दो’ की परोपकारी भारतीय संस्कृति के वाहक हैं। अहिंसा हमें मोक्ष की ओर ले जाती है और यह ज्ञान हमें संतों के सानिध्य से प्राप्त हुआ है। आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज साक्षात देवता हैं और भोपाल में उनका चतुर्मास हम सभी के लिए सौभाग्य का विषय है।

गौ-संरक्षण और समान नागरिक संहिता का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार गौशालाओं की सुरक्षा और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है। गायों के कल्याण के लिए और अधिक प्रयास किए जाएंगे, जिसमें आचार्य श्री का मार्गदर्शन भी लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने राज्य में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित कर सभी धर्मों और मान्यताओं का सम्मान किया है। हम उस संस्कृति के वंशज हैं जहां शासक राजा नहीं, बल्कि जनसेवक होता है।

‘अहिंसा कोई धर्म नहीं, सार्वभौमिक सत्य है’ – आचार्य श्री

कार्यक्रम के दौरान पूज्य आचार्य श्री 108 समय सागर जी महाराज ने आशीर्वचन देते हुए कहा कि अहिंसा कोई एक धर्म नहीं, बल्कि यह एक सार्वभौमिक धर्म है। जो लोग दया, करुणा, परोपकार, स्नेह, पितृभक्ति और दूसरों के कल्याण का भाव रखते हैं, वही वास्तव में अहिंसा के सच्चे पुरोहित हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *