कॉमनवेल्थ में हरियाणा का डंका, लेकिन खिलाड़ियों को नौकरी नहीं

Bhupinder Singh Hooda : झज्जर : हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए राज्य सरकार पर खिलाड़ियों की उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार देश और दुनिया में हरियाणा का नाम रोशन कर रहे हैं, लेकिन उन्हें उनकी उपलब्धियों के अनुरूप सम्मान और रोजगार नहीं मिल रहा।

झज्जर में विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत करने पहुंचे हुड्डा ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि हर बार हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने वर्ष 2010 का उल्लेख करते हुए कहा कि उस समय हरियाणा के खिलाड़ियों ने देश के कुल पदकों का लगभग 70 प्रतिशत हिस्सा जीतकर प्रदेश का गौरव बढ़ाया था।

हुड्डा ने कहा कि खिलाड़ियों की सफलता उनकी कड़ी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए “पदक लाओ, पद पाओ” नीति लागू की थी, जिसके तहत पदक विजेताओं को सम्मान के साथ सरकारी नौकरी भी दी जाती थी।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने कई पदक विजेता खिलाड़ियों को अब तक नौकरी नहीं दी है, जिससे खिलाड़ियों में निराशा का माहौल है। उन्होंने मांग की कि सरकार जल्द नई खेल नीति लागू करे और खिलाड़ियों को पूरा सम्मान देते हुए कम से कम डीएसपी स्तर पर तत्काल भर्ती सुनिश्चित करे।

दिल्ली में राहुल गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ दर्ज एफआईआर के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि पहले भी इस तरह की कई एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर अधिक टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि ऐसे मामलों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।

इस अवसर पर झज्जर विधायक गीता भुक्कल, बादली विधायक कुलदीप वत्स, रोहतक विधायक भारत भूषण बत्रा, कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय यादव सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सामाजिक कार्यक्रमों के दौरान हुड्डा ने लोगों से मुलाकात कर स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *