हरियाणा का चिट्टा तस्कर शिमला में गिरफ्तार, 6 करोड़ की हाई ग्रेड हेरोइन बरामद

चंडीगढ़। हिमाचल प्रदेश पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 6 करोड़ रुपये कीमत की 1.120 किलोग्राम हाई ग्रेड हेरोइन (चिट्टा) बरामद की है। इस मामले में हरियाणा के अंबाला जिले के एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में हिमाचल प्रदेश में अब तक की यह सबसे बड़ी हेरोइन बरामदगी है।

पुलिस के मुताबिक, 3 अगस्त को जिला शिमला की स्पेशल सेल ने गुप्त सूचना के आधार पर शोघी के पास नाकाबंदी की। इस दौरान हरियाणा के अंबाला जिले की नारायणगढ़ तहसील निवासी विजय कुमार (22) को रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 1 किलो 120 ग्राम हाई ग्रेड हेरोइन (चिट्टा) बरामद हुई। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 6 करोड़ रुपये आंकी गई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक जांच के बाद अब यह पता लगाया जा रहा है कि हेरोइन की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।

जांच एजेंसियां आरोपी के नेटवर्क, उसके अन्य साथियों और अंतरराज्यीय नशा तस्करी से जुड़े संभावित लिंक की भी पड़ताल कर रही हैं। पुलिस का मानना है कि पूछताछ में इस नेटवर्क से जुड़े कई अहम खुलासे हो सकते हैं।

हिमाचल प्रदेश पुलिस ने इस कार्रवाई को नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताते हुए कहा है कि राज्य में मादक पदार्थों की तस्करी पर लगातार कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे नेटवर्क के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *