लव मैरिज से नाराज परिवार ने निकाली जिंदा बेटी की अर्थी, सिर मुंडवाकर किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार

विजय कुमार, जमुई। जिले के खैरा थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद एक बालिग युवती से परिवार द्वारा सामाजिक रूप से नाता तोड़ने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। युवती के प्रेमी के साथ न्यायालय में विवाह करने के बाद स्वजनों ने गांव में उसका प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर दिया। परिवार के पुरुष सदस्यों ने सिर मुंडवाकर युवती को अपने लिए मृत घोषित करने जैसी रस्में निभाईं।

परिजनों ने दर्ज कराई थी गुमशुदगी की रिपोर्ट

मिली जानकारी के अनुसार, खैरा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती कुछ दिन पहले मोहल्ले के ही अपने प्रेमी के साथ घर से चली गई थी। 27 जुलाई को परिजनों ने खैरा थाना में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने तलाश शुरू की और स्वजनजन भी उसकी खोजबीन में जुटे रहे।

बताया जाता है कि इस बीच 2 अगस्त को युवती स्वयं खैरा थाना पहुंची। पुलिस ने उसका बयान दर्ज करने के साथ मेडिकल जांच कराया। जिसमें उसके बालिग होने की पुष्टि हुई। युवती ने स्पष्ट कहा कि वह अपनी इच्छा से अपने प्रेमी के साथ गई थी और उसी के साथ रहना चाहती है। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी कर पुलिस ने उसे जाने की अनुमति दे दी।

युवती ने प्रेमी संग किया कोर्ट विवाह

अगले दिन 3 अगस्त को युवती ने अपने प्रेमी के साथ न्यायालय में विवाह कर लिया। विवाह की जानकारी मिलते ही 4 अगस्त को स्वजनों ने गांव में उसकी प्रतीकात्मक अर्थी सजाकर अंतिम संस्कार की रस्में निभाईं। परिवार के कई पुरुष सदस्यों ने सिर मुंडवा लिया और सार्वजनिक रूप से युवती से सभी संबंध समाप्त करने की घोषणा की।

श्राद्ध कर्म की तैयारी में जुटा परिवार

ग्रामीणों का कहना है कि परिवार अब उसके श्राद्ध कर्म की तैयारी भी कर रहा है। ग्रामीणों ने नाम प्रकाशित नहीं करने की शर्त पर बताया कि युवती ने जिस युवक से विवाह किया है, वह उनके ही गोतिया का है। इसी कारण परिवार ने इस रिश्ते को स्वीकार नहीं किया। हालांकि, परिवार की ओर से इस संबंध में कोई बयान सामने नहीं आया है।

सामाजिक और कानूनी स्तर पर छिड़ी बहस

पुलिस सूत्रों का कहना है कि युवती बालिग है और उसे अपनी पसंद से विवाह करने का कानूनी अधिकार है। उसके बयान के आधार पर आवश्यक कार्रवाई पूरी कर ली गई है। फिलहाल इस मामले में कोई नई शिकायत दर्ज नहीं हुई है। उधर, प्रेम विवाह के बाद परिवार द्वारा उठाए गए इस कदम को लेकर पूरे इलाके में सामाजिक और कानूनी स्तर पर बहस छिड़ गई है। इधर थानाध्यक्ष संजय कुमार सिंह ने बताया कि लड़की को बरामद कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद स्वजन को सुपुर्द किया गया था। इसके बाद क्या हुआ जानकारी नहीं है।

ये भी पढ़ें- रोहतास में मजदूर की हत्या के बाद भड़की हिंसा, आरोपी के घर आगजनी-तोड़फोड़, कई वाहन जलकर खाक

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *