पप्पू यादव पर हमले को लेकर बिहार में उबाल, सुपौल और सहरसा में फूंका गया अमित शाह का पुतला

विकास कुमार/जुबैर अंसारी। दिल्ली में सांसद पप्पू यादव पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान हुए हमले के विरोध में आज सोमवार (3 अगस्त) को सहरसा में कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और दिल्ली सरकार का पुतला दहन किया। कार्यकर्ताओं ने घटना की निंदा करते हुए सांसद की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की।

पप्पू यादव की सुरक्षा बढ़ाने की मांग

कांग्रेस के प्रदेश महासचिव रंजन यादव ने कहा कि, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सांसद पप्पू यादव पर हुए कथित हमले के प्रयास को समर्थकों और कार्यकर्ताओं की सतर्कता से विफल किया गया। यह घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। यूथ कांग्रेस नेता शंकर मंडल ने कहा कि, सांसद पप्पू यादव को अविलंब जेड प्लस सुरक्षा दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

सुपौल में पार्टी कार्यकर्ताओं ने फूंका अमित शाह का पुतला

सहरसा के अलावा सुपौल में भी सांसद पप्पू यादव पर हुए कथित हमले के विरोध में आज सोमवार को जन अधिकार पार्टी के कार्यकर्ताओं ने लोहिया नगर चौक पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष नंद कुमार चौधरी ने कहा कि, लोकतंत्र में किसी भी जनप्रतिनिधि पर इस तरह का हमला अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास किया जा रहा है।

सांसद को मिल रही जान से मारने की धमकी

वहीं, अपने उपर हुए जानलेवा हमले को लेकर पूर्णिया सांसद पप्पू यादव ने यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और पीएम मोदी पर निशाना साधा है। सांसद ने कहा कि, पूरे प्रदेश और देश में मेरे ऊपर हुए इस हमले को विरोध हो रहा है कि यह गलत है। योगी जी के साथ उनका फोटो है। मंडल अध्यक्ष है। वो कहता है, मारेंगे। पप्पू यादव ने कहा कि, आज दस बार कॉल आ चुका है, इंटरनेशनल, नेशनल कि पप्पू यादव को मारना है।

नाट्य रूपांतरण करने के बाद बढ़ा विवाद

पप्पू यादव ने बताया कि फोन करने वाले कहते हैं कि मैं विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से बोल रहा हूं। तुम बाहर निकलो, तुमको मार देंगे। तुम माफी मांगो। बता दें कि यह पूरा विवाद तब शुरू जब बीते शुक्रवार को पप्पू यादव ने संसद परिसर में साधु के वेश में राम मंदिर में हुई कथित चंदा चोरी को लेकर नाट्य रूपांतरण किया था।

ये भी पढ़ें- प्रशांत को राजनीति में लाने में उनकी पत्नी डॉ. जाह्नवी दास की अहम भूमिका, अब जीत पर कही ये बात

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *