महिला ने चाबी से खोला गेट, फिर 4 बदमाशों ने कारोबारी की कोठी में बोला धावा

यमुनानगर। शहर की प्रोफेसर कॉलोनी में एक प्लाईवुड कारोबारी की कोठी में बेहद सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि एक महिला चाबी से मुख्य गेट खोलकर कोठी के अंदर दाखिल हुई। इसके कुछ ही मिनट बाद उसके साथ आए तीन अन्य बदमाश भी अंदर पहुंच गए। चारों ने पहले चौकीदार को बंधक बनाया और फिर पूरी कोठी को निशाना बनाया। घटना के समय मकान मालिक अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद नहीं था।

यह वारदात प्रोफेसर कॉलोनी निवासी प्लाईवुड कारोबारी अशोक बंसल की कोठी में हुई। पुलिस की शुरुआती जांच के अनुसार, देर रात एक काले रंग की कार कोठी के बाहर आकर रुकी। कार से उतरी महिला ने चाबी से मुख्य गेट खोला और अंदर प्रवेश कर लिया। कुछ ही देर बाद उसके तीन साथी भी कोठी में दाखिल हो गए।

घर के बाहर तैनात चौकीदार रोशन लाल ने बताया कि आरोपियों ने सबसे पहले उसे काबू कर बंधक बना लिया, जिससे वह किसी को सूचना नहीं दे सका। इसके बाद बदमाशों ने आराम से घर के अंदर वारदात को अंजाम दिया।

मकान मालिक अशोक बंसल ने बताया कि अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बदमाश कितनी नकदी, जेवरात या अन्य कीमती सामान लेकर गए हैं। जिस कमरे में वारदात हुई है, उसे पुलिस ने सील कर दिया है। फॉरेंसिक जांच और पूरे घर की तलाशी के बाद ही नुकसान का सही आकलन हो सकेगा।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फुटेज में एक महिला और उसके साथ तीन अन्य संदिग्धों की गतिविधियां कैद हुई हैं। मौके पर सीन ऑफ क्राइम और एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।

पुलिस का कहना है कि मकान मालिक की लिखित शिकायत और जांच पूरी होने के बाद ही चोरी गए सामान की सही जानकारी सामने आएगी। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर महिला समेत चारों आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m 

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *