82168217

देश का नया ‘पावरहाउस’ बना यूपी! बिजली सप्लाई के मामले में सभी राज्यों को पछाड़ बनाया ऑल-टाइम रिकॉर्ड

सतीश सिंह, लखनऊ। उत्तर प्रदेश अब सिर्फ सबसे ज्यादा आबादी वाला राज्य ही नहीं, बल्कि बिजली आपूर्ति के मामले में भी देश का नया ‘पावरहाउस’ बनकर उभरा है। भीषण गर्मी के दौरान बिजली की रिकॉर्ड मांग के बावजूद प्रदेश ने ऐसा प्रदर्शन किया, जिसने राष्ट्रीय स्तर पर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।

32,673 मेगावाट की रिकॉर्ड आपूर्ति

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन (UPPCL) के आंकड़ों के अनुसार, 24 जून 2026 को राज्य ने 32,673 मेगावाट की अधिकतम बिजली मांग पूरी की। यह देश के किसी भी राज्य द्वारा अब तक की सबसे बड़ी बिजली आपूर्ति मानी जा रही है। इससे पहले प्रदेश का अपना रिकॉर्ड 31,486 मेगावाट था।

90 में से 49 दिन रहा नंबर-1

सबसे दिलचस्प तथ्य यह है कि मई से 29 जुलाई के बीच 90 दिनों की अवधि में उत्तर प्रदेश 49 दिन देश में सबसे अधिक बिजली सप्लाई करने वाला राज्य रहा। वहीं 32 दिन दूसरे स्थान पर रहा। यानी करीब 90 प्रतिशत समय उत्तर प्रदेश बिजली आपूर्ति के मामले में देश के शीर्ष दो राज्यों में शामिल रहा।

महाराष्ट्र के रिकॉर्ड को पछाड़ा

पॉवर कारपोरेशन के अध्यक्ष डॉ. आशीष गोयल ने कहा कि प्रदेश ने इस दौरान पांच अलग-अलग मौकों पर महाराष्ट्र की अब तक की सर्वाधिक 32,317 मेगावाट पीक डिमांड से भी अधिक बिजली उपलब्ध कराकर एक और उपलब्धि दर्ज की। यह उत्तर प्रदेश के मजबूत ट्रांसमिशन नेटवर्क, उत्पादन क्षमता और बेहतर ग्रिड प्रबंधन का संकेत माना जा रहा है।

मजबूत हुआ बिजली ढांचा

ऊर्जा क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि लगातार बढ़ती बिजली मांग के बावजूद निर्बाध आपूर्ति बनाए रखना आसान नहीं होता। ऐसे में उत्तर प्रदेश का यह प्रदर्शन बताता है कि राज्य का बिजली ढांचा तेजी से मजबूत हुआ है और बड़े लोड को संभालने में सक्षम हो चुका है।

भीषण गर्मी के बीच रिकॉर्ड मांग पूरी करने के साथ उत्तर प्रदेश ने यह भी साबित किया है कि बिजली प्रबंधन के मामले में वह अब राष्ट्रीय स्तर पर नए मानक स्थापित कर रहा है।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *