| |

यूनिटी मार्च में उमड़ा जनसैलाब, डॉ. नीरज बोरा ने दिया एकता का संदेश

लखनऊ, 26 नवम्बर (एजेंसियां)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राष्ट्रीय एकता और अखंडता का अद्भुत चित्र प्रस्तुत करते हुए सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर भव्य यूनिटी मार्च आयोजित किया गया। यह विशाल यात्रा नेताजी सुभाष चन्द्र बोस महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अलीगंज से प्रारम्भ होकर सरस्वती शिशु मंदिर निरालानगर, पन्नालाल रोड होते हुए रामाधीन सिंह कॉलेज, निरालानगर में संपन्न हुई। उत्तरी विधानसभा के विधायक डॉ. नीरज बोरा के नेतृत्व में यात्रा का शुभारंभ हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में छात्र-छात्राएँ, युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।

डॉ. बोरा ने अपने संबोधन में कहा कि देश की 562 रियासतों का विलय कर भारत को एक सूत्र में पिरोने का महान कार्य सरदार वल्लभभाई पटेल ने किया था। लौहपुरुष पटेल का जीवन राष्ट्र की एकता का प्रतीक है और आज का यह मार्च उनकी उसी प्रेरणा को स्मरण कराता है। कार्यक्रम में बिन्दू बोरा और स्कूल की प्रधानाचार्या ने भी एकता एवं सामाजिक सौहार्द पर अपने विचार व्यक्त किए।

इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, नगर अध्यक्ष आनन्द द्विवेदी तथा संगठन के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन के मीडिया प्रभारी ओ.पी. तिवारी ने बताया कि लगभग दस हजार लोगों ने इस यात्रा में भाग लेकर एकता के संदेश को मजबूती प्रदान की। यात्रा के सफल आयोजन पर उपस्थित लोगों ने इसे सराहनीय पहल बताया। डॉ. नीरज बोरा पूरे कार्यक्रम के दौरान अत्यंत उत्साहित एवं खुशी से परिपूर्ण दिखे।

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *