| | |

‘योग से स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की ओर’ बढ़ते कदम


लखनऊ | 21 जून(एजेंसियां) । सामुदायिक केन्द्र, लखनऊ पब्लिक कॉलेज के बगल, सेक्टर-एफ, जानकीपुरम में आज अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2025 का आयोजन अत्यंत उत्साह और भव्यता के साथ किया गया। इस वर्ष का मुख्य विषय था — ‘योग से स्वास्थ्य, शांति और समृद्धि की ओर’, जिसका उद्देश्य मानव जीवन में शारीरिक, मानसिक और आत्मिक संतुलन को बढ़ावा देना रहा।

इस विशेष अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, प्रचार विभाग, उत्तर भाग द्वारा प्रातः 5:30 बजे भव्य योग सत्र की शुरुआत की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रोफेसर मनोज अग्रवाल एवं नगर संघचालक श्रीमान राकेश जी ने की, जबकि संयोजन की भूमिका में लखनऊ उत्तर भाग के प्रचार प्रमुख श्री चन्द्र भूषण ने योग की वैज्ञानिक और सांस्कृतिक महत्ता पर सारगर्भित प्रकाश डाला।

योग सत्र का संचालन लखनऊ विश्वविद्यालय की कुशल योग शिक्षिका सुश्री सुनीता गुप्ता ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाते हुए कहा—

“योग केवल शरीर को स्वस्थ नहीं करता, बल्कि यह मन को शांत और आत्मा को प्रफुल्लित करता है। यह भारत की अमूल्य धरोहर है, जिसे हम सबको अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।”

सैकड़ों प्रतिभागियों की उपस्थिति में सूर्य नमस्कार, त्रिकोणासन, भ्रामरी प्राणायाम और ध्यान के अभ्यास ने वातावरण को आध्यात्मिक उर्जा से भर दिया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवानों ने भी इस आयोजन में भाग लेकर अनुशासन और समर्पण की मिसाल पेश की।

कार्यक्रम की उपयोगिता को बढ़ाते हुए एक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर और आयुर्वेदिक परामर्श सत्र का भी आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने स्वास्थ्य से संबंधित मार्गदर्शन प्राप्त किया।

इस अवसर पर सह संयोजक के रूप में रूपेश कुमार, राजकुमार गुप्ता, और उत्तर भाग के सह प्रचार प्रमुख श्री सुमित जी ने भाग लिया। आयोजन की सफलता में श्री बी.के. श्रीवास्तव, श्री पी.के. त्रिपाठी, श्री अनिल मेहता, पूर्व उपमहापौर श्री सतीश मिश्रा, श्री शैलेन्द्र तिवारी, डा. पीयूष अवस्थी, श्री राजाराम सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं का सराहनीय सहयोग रहा।

इस आयोजन ने स्पष्ट किया कि योग किसी धर्म, जाति या भूगोल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह सम्पूर्ण मानवता के लिए कल्याणकारी विज्ञान है। नागरिकों से आग्रह किया गया कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं और स्वास्थ्य, शांति एवं समृद्धि की दिशा में आगे बढ़ें।

गुप्त नवरात्रि के रहस्य: जानें कैसे पाएं दस महाविद्याओं की असीम कृपा

लंदन में दिखा जान्हवी कपूर का लव मोमेंट

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *