nalanda parking dispute

Nalanda Parking Dispute: बिहार के नालंदा में पार्किंग को लेकर खूनी खेल, पड़ोसी ने युवक को मारी गोली; मौके पर हुई मौत

Nalanda Parking Dispute: बिहार के नालंदा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. यहां मामूली पार्किंग विवाद में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव की है. इस वारदात के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई है.

क्या है पूरा मामला?

मृतक की पहचान जगदीश महतो के 47 साल के बेटे सुनील कुमार के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि घर जाने वाली गली काफी संकरी है. उस गली में पहले से ही दो ई-रिक्शा खड़े थे, जिसकी वजह से सुनील की बाइक घर तक नहीं जा पा रही थी. इसी बात को लेकर सुनील ने ई-रिक्शा हटाने के लिए कहा. इसी बात पर दोनों पड़ोसियों के बीच पहले तीखी बहस हुई, फिर गाली-गलौज शुरू हो गई. देखते ही देखते यह मामूली कहासुनी खूनी रंजिश में बदल गई और आरोपी पड़ोसी ने गुस्से में आकर पिस्टल निकालकर गोली चला दी. गोली सीधे सुनील के सिर में लगी और वह वहीं अचेत होकर गिर पड़ा.

अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

गोली लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई. परिजन आनन-फानन में घायल सुनील को हरनौत रेफरल अस्पताल ले गए. वहां से गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे मॉडल अस्पताल बिहार शरीफ रेफर कर दिया. लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. परिजनों ने बताया कि सुनील दूसरे प्रदेश में रहकर गाड़ी चलाकर अपने परिवार का पेट पालता था. दशहरा पर्व मनाने के लिए वह तीन दिन पहले ही गांव आया था. त्योहार की खुशी मातम में बदल गई.

 ये भी पढ़ें: ‘एक कमरे में…’, सऊदी में मौत की सजा पाने वाली महिला ने जेल से फोन कर क्या बताया? परिवार ने किया दिल दहला देने वाला खुलासा

पुलिस कर रही तलाश

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है. इस मामले पर बिहार शरीफ सदर डीएसपी-2 राकेश कुमार रंजन ने बताया, ‘पड़ोसी से बाइक पार्किंग को लेकर झगड़ा हुआ था, जिसमें उसने गोली मार दी. रेफर करने के दौरान युवक की मौत हो गई. आरोपी फरार है, उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी चल रही है. जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा.’ फिलहाल पुलिस ने पीड़ित परिवार की लिखित शिकायत पर केस दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई में जुट गई है. गांव में अभी शांति बनी हुई है

 ये भी पढ़ें: CJP के नेताओं पर बड़ा संकट, क्राइम ब्रांच के हवाले सौंपा गया मामला; क्या दोनों की बढ़ सकती है सजा?

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *