मातम में बदलीं खुशियां!दर्शन करके लौट रहे थे दोस्त, ट्रक से टकराई कार, 4 की मौत

Kolhapur Accident: दशहरे के मौके पर मंदिर में दर्शन करने निकले सात दोस्तों ने शायद सपने में भी नहीं सोचा होगा कि घर लौटते समय उनकी खुशियां मातम में बदल जाएंगी. सभी दोस्त कोल्हापुर के प्रसिद्ध महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने गए थे. पूजा-अर्चना के बाद वे अपनी स्कॉर्पियो से गांव वापस लौट रहे थे लेकिन रास्ते में एक भीषण हादसे ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं. महाराष्ट्र के सतारा जिले में स्कॉर्पियो और ट्रक की टक्कर में चार युवकों की मौत हो गई. वहीं तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे की खबर मिलते ही उनके गांव में शोक छा गया.

कहां हुआ दर्दनाक हादसा

यह दुर्घटना सतारा जिले के कराड शहर के पास पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर हुई. जानकारी के मुताबिक, सातों युवक दशहरे के अवसर पर कोल्हापुर स्थित महालक्ष्मी मंदिर में दर्शन करने गए थे. दर्शन करने के बाद सभी स्कॉर्पियो से अपने घर की ओर रवाना हुए. इसी दौरान कराड के पास हाल ही में शुरू किए गए सिक्स-लेन फ्लाईओवर पर उनकी गाड़ी एक ट्रक से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि स्कॉर्पियो में सवार चार युवकों की जान चली गई. हादसे में घायल तीन युवकों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज  चल रहा है.

मृतकों की पहचान

इस हादसे में 4 युवकों की मौत हो गई. इनमें एक की पहचान 25 वर्षीय तेजस देशमुख, दूसरे की पहचान 23 वर्षीय सागर निंबालकर, तीसरे की पहचान 21 वर्षीय रोहित धोत्रे और चौथे युवक की पहचान 20 वर्षीय सुयश चिंचकर के रूप में हुई है. 

घायलों की पहचान

दुर्घटना में घायल हुए युवकों की पहचान 23 वर्षीय अमन तांबोली, 21 वर्षीय ऋतुराज दुबले और 20 वर्षीय शंतनू शिंगाडे के रूप में हुई है. तीनों को इलाज के लिए कराड के कृष्णा अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए सभी युवक सतारा जिले के कातरखटाव गांव के रहने वाले थे.

कुछ दिन पहले ही खुला था फ्लाईओवर

जिस फ्लाईओवर पर यह हादसा हुआ, उसे हाल ही में वाहनों की आवाजाही के लिए खोला गया था. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां हुआ यह पहला बड़ा सड़क हादसा है. फिलहाल पुलिस दुर्घटना की जांच में जुटी है.

ये भी पढ़ें: ‘एक कमरे में…’, सऊदी में मौत की सजा पाने वाली महिला ने जेल से फोन कर क्या बताया? परिवार ने किया दिल दहला देने वाला खुलासा

Similar Posts

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *